कानपुर देहात में दहेज मांगने पर 4 पर FIR:शादी में 45 लाख दिए, फिर भी 20 लाख और ऑटोमैटिक वॉशिंग मशीन मांग रहे थे
कानपुर देहात में दहेज उत्पीड़न और विवाहिता को जान से मारने की कोशिश के आरोप में पुलिस ने पति समेत ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता के पिता ने बुधवार शाम अकबरपुर थाने में शिकायत दी थी। आरोप है कि शादी में करीब 45 लाख रुपये और कार देने के बावजूद ससुराल पक्ष 20 लाख रुपये अतिरिक्त और फुली ऑटोमैटिक वॉशिंग मशीन की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित किया गया। अकबरपुर के संजय नगर निवासी सुनील कुमार सिंह के मुताबिक, उन्होंने अपनी बेटी श्रद्धा सिंह राठौर की शादी 4 मार्च 2024 को भदेमऊ निवासी अश्वनी सिंह भदौरिया से की थी। शादी में उन्होंने अपनी हैसियत से अधिक करीब 45 लाख रुपये नकद और अन्य सामान दिया था। इसके अलावा बेटी को एक कार भी दी थी। मामला अकबरपुर थाना क्षेत्र का है। अतिरिक्त दहेज के लिए उत्पीड़न का आरोप पिता का आरोप है कि शादी के बाद पति अश्वनी सिंह, सास पुष्पा देवी, ससुर और ननद समेत अन्य ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर बेटी को परेशान करने लगे। शिकायत के अनुसार, 9 अप्रैल 2024 को दो लाख 20 हजार रुपये नकद और दो लाख 80 हजार रुपये का चेक भी दिया गया, लेकिन इसके बाद भी उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। सुनील कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि 1 अगस्त 2024 को उनकी बेटी को नशीली दवा खिलाकर जान से मारने की कोशिश की गई। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसका इलाज कराया। बाद में समझौता होने पर उसे दोबारा ससुराल भेज दिया गया। मुरादाबाद जाते समय मारपीट का आरोप शिकायत में आरोप लगाया गया कि 5 अगस्त 2024 को उच्च शिक्षा के लिए मुरादाबाद जाते समय विवाहिता के साथ मारपीट की गई। ससुराल पक्ष ने कथित तौर पर 20 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज नहीं देने पर उसे ससुराल में नहीं रहने देने की धमकी भी दी। पिता ने बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पति, सास, ससुर और ननद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)