कानपुर देहात में मदार क्लिनिक पर स्वास्थ्य विभाग का छापा:दस्तावेज नहीं मिले तो क्लिनिक होगी सील, पहले भी मिल चुकी है शिकायत

Sep 30, 2026 - 08:15
0
कानपुर देहात में मदार क्लिनिक पर स्वास्थ्य विभाग का छापा:दस्तावेज नहीं मिले तो क्लिनिक होगी सील, पहले भी मिल चुकी है शिकायत
कानपुर देहात में झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध क्लिनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का अभियान लगातार जारी है। मंगलवार शाम करीब 4 बजे संदलपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कई स्थानो पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मदार क्लिनिक पर टीम पहुंची, जहां अफजल नाम का व्यक्ति मरीजों का इलाज करता मिला। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक इस क्लिनिक को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। छापेमारी के दौरान क्लिनिक संचालक से इलाज और क्लिनिक संचालन से संबंधित पंजीयन एवं अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने तीन दिन के भीतर सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। अधिकारियों के मुताबिक निर्धारित समय में यदि पंजीयन और अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं तो क्लिनिक को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम पाल पैथोलॉजी पर भी पहुंची। टीम के पहुंचने से पहले ही संचालक वहां से चला गया और पैथोलॉजी बंद मिली। टीम ने मौके की स्थिति की जांच की। कार्रवाई के दौरान एक अन्य व्यक्ति, जिसे स्थानीय तौर पर बंगाली बताया गया, वह भी मौके से चला गया। सीएचसी प्रभारी सिद्धार्थ वर्मा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया है कि झोलाछाप डॉक्टरों और बिना वैध पंजीयन संचालित हो रहे क्लिनिक एवं पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। गौर करने वाली बात यह है कि इससे पहले डेरापुर क्षेत्र में भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक दुकान की आड़ में संचालित हो रहे क्लिनिक पर कार्रवाई की थी। जांच में वहां कथित तौर पर झोलाछाप डॉक्टर के इलाज करने की शिकायत सामने आई थी, जिसके बाद विभाग ने क्लिनिक को सील कर दिया था। डीएम कपिल सिंह के निर्देश पर अब जिले में ऐसे क्लिनिक और बिना जरूरी अनुमति के चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वालों की जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User