सुल्तानपुर में बारिश के साथ गिरे ओले:धान की फसलें गिरीं: लखनऊ-बलिया हाईवे पर पेड़ गिरने से 40 मिनट थमा ट्रैफिक

Oct 05, 2026 - 18:31
0
सुल्तानपुर में बारिश के साथ गिरे ओले:धान की फसलें गिरीं: लखनऊ-बलिया हाईवे पर पेड़ गिरने से 40 मिनट थमा ट्रैफिक
सुल्तानपुर में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट बदल ली। तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई, जबकि कूरेभार, धनपतगंज, मोतिगरपुर और करौंदीकला में ओले भी गिरे। बारिश और तेज हवा से ग्रामीण क्षेत्रों में धान की फसलें खेतों में गिर गईं। वहीं, लखनऊ-बलिया हाईवे पर पेड़ गिरने से करीब 40 मिनट तक यातायात बाधित रहा। शहर में शाम करीब 4:30 बजे बादल छा गए। इसके बाद 5 बजे से हल्की बारिश शुरू हुई। कूरेभार में करीब 40 मिनट तक मूसलाधार बारिश हुई और करीब 10 मिनट तक छोटे-छोटे ओले भी गिरे। अखंडनगर में करीब तीन घंटे तक लगातार बारिश से कई जगह जलभराव हो गया और खेती को भी नुकसान पहुंचा। धान की फसल खेत में गिरी कूरेभार निवासी किसान अनिल वर्मा ने बताया कि तेज हवा के कारण करीब पांच बीघे में खड़ी धान की फसल खेत में गिर गई। फसल गिरने से दाने खराब होने और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। किसान अभय वर्मा ने भी बारिश को फसलों के लिए नुकसानदेय बताया। किसान कैलास यादव ने बताया कि तेज हवाओं से खेतों में खड़ी गन्ने की फसल भी कई जगह गिर गई। किसानों के अनुसार, बारिश और तेज हवा से धान की करीब 20 प्रतिशत फसल को नुकसान होने का अनुमान है। हाईवे पर पेड़ गिरा, 40 मिनट बाधित रहा ट्रैफिक लखनऊ-बलिया हाईवे पर शाहपुर लपटा के पास शीशम का पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे करीब 40 मिनट तक आवागमन बाधित रहा। स्थानीय पुलिस और वन विभाग के कर्मचारी धर्मेंद्र सिंह ने जेसीबी की मदद से पेड़ हटवाकर यातायात बहाल कराया। 10 बीघा धान की फसल बर्बाद करौंदीकला के बौढ़िया बालमऊ में आम का पेड़ गिर गया। परशुरामपुर चौराहे के पास सड़क पर बबूल का पेड़ गिरा। इसी गांव में सुमित सिंह की 10 बीघा धान की फसल बर्बाद होने की बात सामने आई है। प्राथमिक विद्यालय बौढ़िया बालमऊ की बाउंड्री भी धराशायी हो गई। वहीं गौरा टिकरी गांव में एक फोर व्हीलर पर पेड़ गिरने की सूचना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User