कानपुर एयरपोर्ट पर यात्री सेवा अभियान खत्म:हाउसकीपिंग, इंडिगो और CISF को बेहतर सेवाओं के लिए सम्मान मिला
कानपुर हवाई अड्डे पर 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक आयोजित ‘यात्री सेवा अभियान 2026’ का शनिवार दोपहर 2 बजे समापन हो गया। अभियान के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्वच्छता, सुरक्षा और सुगम यात्रा अनुभव को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। समापन समारोह में उत्कृष्ट सेवाओं और यात्रियों के प्रति समर्पण के लिए हाउसकीपिंग स्टाफ, इंडिगो एयरलाइंस की टीम और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों को सम्मानित किया गया। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस अभियान का मूल मंत्र ‘सेवा, स्वच्छता, सहयोग एवं मुस्कान के साथ सेवा’ रहा। इसके तहत प्रत्येक दिन अलग-अलग विषयों पर गतिविधियां आयोजित की गईं। यात्रियों की सुविधाओं में सुधार और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता दी गई। अभियान के दौरान टर्मिनल भवन, प्रतीक्षालय और शौचालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए व्हीलचेयर, सुलभ मार्ग और प्राथमिकता के आधार पर सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। इसके अलावा बैठने की व्यवस्था, पेयजल, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, वाई-फाई और सामान की आवाजाही से जुड़ी सुविधाओं को भी अभियान में शामिल किया गया। यात्रियों को उड़ानों के आगमन-प्रस्थान की सही जानकारी देने, दिशा सूचक संकेतकों और उद्घोषणा व्यवस्था को उपयोगी बनाने पर भी जोर रहा। महिला यात्रियों, बच्चों और परिवारों की जरूरतों के साथ चिकित्सा सहायता, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन तैयारियों को भी प्रमुखता दी गई। अभियान के दौरान यात्रियों की शिकायतें सुनने, सुझावों पर ध्यान देने और समयबद्ध समाधान के साथ कर्मचारियों के विनम्र व्यवहार को प्रोत्साहित किया गया। पर्यावरण संरक्षण के तहत कचरे के उचित निस्तारण, प्लास्टिक का उपयोग कम करने और ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता पर भी बल दिया गया। समापन अवसर पर एयरपोर्ट डायरेक्टर प्रदीप यादव ने कहा कहा कि एयरपोर्ट पर कार्यरत सभी एजेंसियों के समन्वय से यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सकता है। कानपुर हवाई अड्डा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)