कानपुर में गोशाला की जांच में सूखी मिली जमीन:BDO बोले- पुराने हैं फोटो-वीडियो, जांच रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपी
कानपुर के पतारा ब्लॉक की बरनाव ग्राम पंचायत स्थित बृहद गोशाला की बदहाली दिखाने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें एक युवक ने ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप लगाए थे। मामला संज्ञान में आने के बाद शनिवार को BDO और पशु चिकित्सा अधिकारी ने गोशाला पहुंचकर जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में वायरल फोटो और वीडियो पुराने पाए गए। वीडियो में जिस जगह कीचड़ दिखाया गया था, वहां जांच के दौरान जमीन सूखी मिली। BDO ने जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी है। अधिकारियों के निर्देश पर भ्रामक वीडियो वायरल करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। बारिश के दौरान गोशाला में हुआ था कीचड़ घाटमपुर तहसील क्षेत्र के पतारा ब्लॉक स्थित बरनाव की बृहद गोशाला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें एक युवक ने गोशाला की बदहाली दिखाते हुए ग्राम प्रधान पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। वीडियो का संज्ञान लेते हुए शनिवार दोपहर पतारा BDO शिव नरेश राजपूत और पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार गोशाला पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और वहां मौजूद केयरटेकर से जानकारी ली। जांच के दौरान अधिकारियों को वायरल वीडियो में कीचड़ दिखाई गई जगह सूखी मिली। केयरटेकर ने बताया कि बीते दिनों लगातार तीन दिन हुई बारिश के कारण गोशाला में कीचड़ हो गया था। नाद की सफाई के दौरान मवेशियों को टीन शेड से बाहर निकाला गया था। अधिकारियों के अनुसार, वायरल फोटो और वीडियो पुराने हैं। ग्राम प्रधान पति ने चुनावी रंजिश का लगाया आरोप बरनाव की ग्राम प्रधान के पति सुरेश सिंह सेंगर ने आरोप लगाया कि एक युवक लगातार फोन करके गोशाला की बदहाली का हवाला देते हुए उनसे मिलने की बात कह रहा था। उन्होंने युवक की बात पर ध्यान नहीं दिया। इसके बाद शुक्रवार को युवक ने गोशाला की बदहाली दिखाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सुरेश सिंह सेंगर का आरोप है कि चुनावी रंजिश और व्यक्तिगत द्वेष के चलते पुराने फोटो-वीडियो वायरल कर उनकी और अधिकारियों की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। BDO बोले- जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी पतारा BDO शिव नरेश राजपूत ने बताया कि जांच में सोशल मीडिया पर वायरल फोटो और वीडियो पुराने पाए गए हैं। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी गई है। अधिकारियों के निर्देश मिलने पर भ्रामक फोटो-वीडियो वायरल करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)