महिला की मौत के बाद परिजनों का हॉस्पिटल में हंगामा:टांके कटने के बाद बिगड़ी हालत, संभल से मेरठ ले जाते समय दम तोड़ा

Oct 10, 2026 - 19:16
0
महिला की मौत के बाद परिजनों का हॉस्पिटल में हंगामा:टांके कटने के बाद बिगड़ी हालत, संभल से मेरठ ले जाते समय दम तोड़ा
संभल में सर्जरी से बेटे को जन्म देने के 15 दिन बाद मां की मौत हो गई। शौचालय में बेहोश होकर गिरने के बाद, इलाज के लिए मेरठ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। शनिवार की शाम 4 बजे परिजन शव लेकर निजी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर पर लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। टांके कटने के बाद बिगड़ी हालत पूरा घटनाक्रम संभल के जिला मुख्यालय बहजोई से 50 किलोमीटर दूर, तहसील गुन्नौर के थाना रजपुरा क्षेत्र के गांव उदरनपुर खागी का है। मृतक महिला की पहचान 28 वर्षीय भगवती, पत्नी चंद्रभान सिंह के रूप में हुई है। पति के अनुसार, बीती 25 सितंबर की दोपहर को उसे प्रसव पीड़ा होने के कारण गांव के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसने सर्जरी से बेटे को जन्म दिया और तीन दिन के बाद जच्चा-बच्चा को छुट्टी दे दी गई। बीते कल शुक्रवार को अस्पताल संचालक डॉक्टर ने घर पर आकर महिला के टांके काटे थे, उसके बाद से ही उसकी हालत बिगड़ी हुई थी। महिला शनिवार की सुबह 8 बजे शौचालय गई थी, जहां वह बेहोश होकर गिर गई। शोर सुनकर परिवार के लोग दौड़कर आ गए। अस्पताल से रेफर करने पर मेरठ ले जाते समय तोड़ा दम परिवार के लोग उसे इलाज के लिए उसी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां उसने सर्जरी से बेटे को जन्म दिया था। महिला की हालत बिगड़ने की सूचना के काफी देर बाद डॉक्टर आया और घंटे भर के इलाज के बाद उसने किसी अन्य अस्पताल ले जाने की सलाह दी। परिवार के लोग महिला को गाड़ी से इलाज के लिए मेरठ के निजी अस्पताल लेकर निकल गए। मेरठ से 8 या 10 किलोमीटर पहले महिला ने गाड़ी के अंदर ही दम तोड़ दिया। महिला की मौत से गाड़ी में मौजूद परिजनों की सांसें थम गईं। महिला के शव को गांव लाया गया और अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में पहुंचे परिजनों ने लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा काटना शुरू कर दिया। 40 मिनट तक हंगामा होने की सूचना के बाद पुलिस पहुंची और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शांत कराया। आपको बता दें कि मृतक महिला अपने पीछे दूधमुंहे बच्चे सहित चार बच्चों को छोड़ गई है। अस्पताल की ओटी सील, जांच शुरू शाम 6 बजे थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। उधर स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉक्टर विराट यादव ने महिला की मौत की सूचना के बाद गांव पहुंचकर अस्पताल की ओटी (OT) को सील कर दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User