कानपुर में कारोबारी से 2.66 करोड़ की ऑनलाइन ठगी:9.74 करोड़ का मुनाफा दिखाकर जाल में फंसाया, FIR दर्ज

Oct 09, 2026 - 14:42
0
कानपुर में कारोबारी से 2.66 करोड़ की ऑनलाइन ठगी:9.74 करोड़ का मुनाफा दिखाकर जाल में फंसाया, FIR दर्ज
कानपुर के जाजमऊ स्थित डिफेंस कॉलोनी के एक कारोबारी को ऑनलाइन निवेश के जरिए करोड़ों रुपए का मुनाफा कमाने का झांसा देकर 2.66 करोड़ रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि फिनसोल प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर चल रहे निवेश प्लेटफॉर्म के जरिए कारोबारी को खाते में 9.74 करोड़ रुपए से अधिक का लाभ दिखाया गया। लेकिन रकम निकालने की कोशिश की तो टैक्स और वेरिफिकेशन शुल्क के नाम पर 30 लाख रुपए और मांगे गए। पीड़ित मोहम्मद अहमद लारी ने शुक्रवार दोपहर 2 बजे प्राथमिकी दर्ज कराई। उनका आरोप है कि अनन्या कुलकर्णी नाम की महिला ने व्हाट्सऐप पर संपर्क कर आईपीओ में निवेश और निश्चित मुनाफे का लालच दिया था। अतिरिक्त रकम मांगे जाने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ। व्हाट्सऐप पर संपर्क कर निवेश के लिए मनाया प्राथमिकी के मुताबिक, आरोपी ने फिनसोल को वैध निवेश प्लेटफॉर्म बताकर कारोबारी को निवेश के लिए राजी किया। भरोसा जीतने के लिए ऐसे स्क्रीनशॉट भेजे गए, जिनमें खाते में 9.74 करोड़ रुपए से अधिक का मुनाफा दिखाया गया था। इन दावों पर विश्वास करके पीड़ित ने अलग-अलग लाभार्थियों के बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करनी शुरू कर दी। 5 हजार रुपए से शुरू किया निवेश पीड़ित के अनुसार, 18 जून से 10 अगस्त 2026 के बीच कई किस्तों में भुगतान किया गया। शुरुआत 5 हजार रुपए से हुई, जिसके बाद लाखों रुपए की रकम ट्रांसफर की गई। जुलाई और अगस्त में भी भुगतान जारी रहा। इस तरह कुल 2 करोड़ 66 लाख 22 हजार रुपए भेजे गए। रकम निकालने के लिए मांगे 30 लाख रुपए आरोप है कि निवेश की रकम लौटाने के बजाय टैक्स, वेरिफिकेशन और निकासी शुल्क के नाम पर अतिरिक्त भुगतान करने को कहा गया। इसके बाद कथित तौर पर 30 लाख रुपए और मांगे गए। पीड़ित ने 5 और 6 अक्टूबर को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। खातों की जांच और रकम फ्रीज कराने की मांग पीड़ित ने पुलिस से ट्रांसफर की गई रकम की मनी ट्रेल खंगालने, संबंधित बैंक खातों में बची राशि फ्रीज कराने और इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों व डिजिटल साक्ष्यों की जांच करने की मांग की है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User