संजय सिंह का आरोप, भाजपा 'महा चोरों का गिरोह':विधायक-सांसद चोरी, चुनाव आयोग और EVM पर उठाए गंभीर सवाल

Oct 09, 2026 - 14:59
0
संजय सिंह का आरोप, भाजपा 'महा चोरों का गिरोह':विधायक-सांसद चोरी, चुनाव आयोग और EVM पर उठाए गंभीर सवाल
मऊ में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह शुक्रवार को मऊ पहुंचे। यहां उन्होंने समाजवादी पार्टी के बागी विधायकों के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), ईवीएम और बाढ़ की स्थिति को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव से पहले दूसरे दलों के विधायकों और सांसदों को अपने पाले में लाने का काम करती है। संजय सिंह ने सपा के बागी विधायकों के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर कहा कि चुनाव से पहले इस तरह की गतिविधियां होंगी, लेकिन भाजपा ऐसे कामों के लिए मशहूर है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा पर भगवान श्रीराम के चंदे, हाईवे, स्कूल और अस्पताल से लेकर देश के वोट, विधायक और सांसद तक की चोरी के आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए उसे सत्ता में काबिज ‘महा चोरों का गिरोह’ करार दिया। चुनाव आयोग को लेकर संजय सिंह ने कहा कि चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति में सरकार की भूमिका पर सवाल उठते हैं। उन्होंने मांग की कि चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में मुख्य न्यायाधीश को फिर से शामिल किया जाए, ताकि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर लोगों का भरोसा बना रहे। एसआईआर को तत्काल रद्द करने की बात कही उन्होंने देशभर में बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करते हुए कहा कि मतदाताओं के मन में ईवीएम को लेकर संदेह है। संजय सिंह ने यह भी मांग की कि जिन राज्यों में चुनाव में गड़बड़ी हुई है, वहां चुनाव रद्द किए जाएं और कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार सहित संबंधित लोगों की गिरफ्तारी की मांग भी उठाई और एसआईआर को तत्काल रद्द करने की बात कही। संजय सिंह ने रिपोर्टर्स कलेक्टिव की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 13 लाख नाम जोड़ दिए गए, जबकि 85 हजार नाम बिना कारण बताए काटे गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद एक लाख फॉर्म जमा किए गए। राजनीतिक दलों के अस्तित्व पर सवाल खड़े होते उन्होंने तरबगंज विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि रेशमा नाम की महिला के नाम से 188 आवेदन मतदाताओं के नाम कटवाने के लिए दिए गए, लेकिन संबंधित महिला की पहचान को लेकर सवाल उठे। संजय सिंह ने कहा कि यदि चुनाव प्रक्रिया में इस तरह की अनियमितताएं होती हैं तो लोकतंत्र और राजनीतिक दलों के अस्तित्व पर सवाल खड़े होते हैं। अयोध्या में राम मंदिर नहीं जाने को लेकर अखिलेश यादव पर उठाए जा रहे सवालों के संदर्भ में संजय सिंह ने भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मंदिर के उद्घाटन के बाद वहां नहीं पहुंचे, लेकिन उनसे इस बारे में सवाल नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि भाजपा को किसी को हिंदू होने का प्रमाणपत्र बांटने का अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक और राजनीतिक विवादों को हवा देती है। संजय सिंह ने कहा कि बच्चों की फीस और आम लोगों की समस्याओं पर चर्चा करने के बजाय दूसरे मुद्दों को उछाला जा रहा है। संवेदनशीलता के साथ काम किया जाना चाहिए प्रदेश में बाढ़ की स्थिति पर चिंता जताते हुए संजय सिंह ने कहा कि बाढ़ से उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। उन्होंने लखनऊ का उल्लेख करते हुए दावा किया कि वहां भी हजारों घर जलभराव से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के समय राजनीतिक भेदभाव करने के बजाय संवेदनशीलता के साथ काम किया जाना चाहिए। संजय सिंह ने सरकार से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री और आवश्यक सहायता तेजी से पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपदा से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत देना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। बताते चलें कि आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष विक्रमजीत सिंह की मां के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए राज्यसभा सांसद संजय सिंह उनके पैतृक आवास पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इसी दौरान उन्होंने विभिन्न राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User