कानपुर में लापता ट्रक चालक का शव मिला:पत्नी से विवाद के बाद घर से निकला था, मंदिर के बाहर पिलर से लटका मिला

Oct 06, 2026 - 14:04
0
कानपुर में लापता ट्रक चालक का शव मिला:पत्नी से विवाद के बाद घर से निकला था, मंदिर के बाहर पिलर से लटका मिला
कानपुर के थाना बिधनू के शिवगंज गांव में रविवार सुबह पत्नी से विवाद के बाद घर से निकले ट्रक चालक दिलीप (40) का शव मंगलवार सुबह मंदिर के बाहर पिलर से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका मिला। खेतों की ओर गए ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर परिजन और बिधनू पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर कई साक्ष्य जुटाए। मंगलवार दोपहर पतिजनों ने 1 बजे घटना की जानकारी दी। शिवगंज निवासी दिलीप पुत्र सुरजन लाल कुशवाहा पहले ट्रक चलाता था। करीब पांच महीने पहले उसने ट्रक चलाना छोड़ दिया था और कानपुर की एक हैंडलूम दुकान में नौकरी करने लगा था। परिवार में पत्नी प्रियंका, दो बेटे सुमित और कृष्णा तथा बेटी शुभी हैं। परिजनों के मुताबिक, दिलीप को शराब पीने की लत थी। नशे की हालत में अक्सर घर में विवाद होता था। रविवार सुबह भी शराब पीने को लेकर पत्नी से उसका विवाद हुआ था। इसके बाद दिलीप बिना किसी को बताए घर से निकल गया। खास बात यह रही कि वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गया था। देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह गांव के बाहर खेतों की ओर गए ग्रामीण मंदिर के पास पहुंचे तो पिलर से दिलीप का शव लटका देखकर सन्न रह गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने पहुंचकर घटनास्थल को सुरक्षित कराया और शव नीचे उतरवाया। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाये हैं। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक किसी तरह के आरोप या अन्य कारण सामने नहीं आए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक स्थिति और स्पष्ट होगी। पुलिस रविवार से मंगलवार तक दिलीप की गतिविधियों और उसके घर से निकलने के बाद की परिस्थितियों की भी पड़ताल कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User