कानपुर में मनी गांधी-शास्त्री जयंती:बच्चों ने निबंध लिखकर और सफाई करके लिया स्वच्छता का संकल्प
ख्यौरा में मैनावती मार्ग स्थित उजियारी देवी मंदिर परिसर में संचालित शिक्षा से वंचित बच्चों की संस्कारशाला में शुक्रवार का दिन अत्यंत पावन और भावुक माहौल में बीता। एक ओर जहां मंदिर में मां की आरती की घंटियां गूंज रही थीं, वहीं दूसरी ओर नन्हें-मुन्ने बच्चों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जन्मोत्सव अपने अनूठे संस्कारों के साथ मनाया। इस अवसर पर संस्कारशाला की ओर से एक विशेष निबंध प्रतियोगिता एवं स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कभी स्कूल की दहलीज से दूर रहने वाले इन बच्चों ने "सत्य और स्वच्छता" विषय पर अपने-अपने शब्दों में बेहद सुंदर निबंध लिखे, जिनमें सच्चे भारत की आत्मा झलकती थी। बच्चों की इस सराहनीय साधना और प्रतिभा को आशीर्वाद देने के लिए दीनदयाल नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के प्रबंधक नारायण त्रिपाठी एवं प्रधानाचार्या विजय विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतियोगिता में विजयी रहने वाले बच्चों को अपने हाथों से पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों, शिक्षकों और पधारे हुए अतिथियों ने मंदिर परिसर में झाड़ू लगाकर श्रमदान किया तथा जीवनभर स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)