कानपुर में NHM कर्मचारियों का धरना:12 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी, समान वेतन समेत 8 मांगें
कानपुर के रामादेवी स्थित सीएमओ कार्यालय के बाहर गुरुवार दोपहर 12 बजे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों ने धरना दिया। कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समान काम-समान वेतन और सामाजिक सुरक्षा समेत आठ मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। संगठन ने सरकार को मांगों से संबंधित ज्ञापन भेजा है। इसमें मांगें पूरी नहीं होने पर 12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया गया है। संगठन के संरक्षक डॉ. गौरव त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश में NHM के एक लाख से अधिक संविदा कर्मचारी 15 से 18 वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे हैं। ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों तक टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीबी उन्मूलन और अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में उनकी अहम भूमिका है। नियमितीकरण और समान वेतन की मांग कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सभी NHM संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण और समान काम-समान वेतन शामिल है। इसके अलावा वर्तमान वेतन में तत्काल वृद्धि, कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए 10 लाख रुपए तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महंगाई भत्ता (DA), EPF, HRA और ग्रेच्युटी का लाभ देने की मांग की गई है। अन्य मांगों में गैरजनपद स्थानांतरण नीति बहाल करना, सेवाकाल में कर्मचारी की मृत्यु होने पर पात्र आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देना, आउटसोर्स कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित करना और नियमित पदों की भर्ती में NHM संविदा कर्मचारियों के लिए कम से कम 25 प्रतिशत कोटा तय करना शामिल है। 12 अक्टूबर से लखनऊ में हड़ताल की चेतावनी संगठन ने तीन चरणों में आंदोलन का कार्यक्रम घोषित किया है। 5 से 7 अक्टूबर तक कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। 8 से 10 अक्टूबर तक जनपद मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद भी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर 12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है। संगठन ने मुख्यमंत्री से मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे संविदा कर्मियों को सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और सेवा स्थायित्व मिलना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)