कानपुर में रक्षा कर्मचारी महासंघ बैठक:पुरानी पेंशन बहाली तेज करने मांग, आठवां वेतन आयोग लागू करने पर जोर
कानपुर में राष्ट्रीय सुरक्षा कर्मचारी महासंघ की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को राष्ट्रीय मुख्यालय कटहरी बाग, कानपुर कैंट में हुई। बैठक में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे महासंघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने रक्षा क्षेत्र के कर्मचारियों एवं पेंशनर्स से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। अध्यक्षता महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह ने की। बैठक में पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली के लिए प्रयास तेज करने, आठवें वेतन आयोग को सेवारत कर्मचारियों एवं पेंशनर्स के लिए जल्द लागू कराने सहित कई मांगों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा आयुध निर्माणियों के निगमीकरण का विरोध करते हुए रक्षा उत्पादन क्षेत्र को 100 प्रतिशत सरकारी नियंत्रण में रखने की मांग उठाई गई। कर्मचारियों का वेतन सरकारी खाते से दिए जाने की मांग भी रखी गई। बैठक में रक्षा प्रतिष्ठानों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने, ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने और कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। मृतक आश्रितों को 100 प्रतिशत नौकरी सुनिश्चित कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि रक्षा क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों और विभागों में कर्मचारियों की लंबित मांगों के समाधान के लिए पदाधिकारी प्रभावी प्रयास करें। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करते हुए कर्मचारियों की समस्याओं को एकजुट होकर उचित मंच पर उठाने की जरूरत है। बैठक में महासंघ की संगठनात्मक गतिविधियों का देशभर में विस्तार करने और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संयुक्त प्रयास करने का संकल्प लिया गया। इस दौरान उपाध्यक्ष एचएन तिवारी, महामंत्री आर. श्रीनिवासन, सचिव सिद्धनाथ तिवारी, कोषाध्यक्ष विनोद तिवारी, संयुक्त महामंत्री जीडी शर्मा व राकेश सिंह, सचिव आशुतोष तिवारी, ओईएफ किला मजदूर यूनियन के महामंत्री समीर बाजपेई, ओएफसी से धीरज श्रीवास्तव, शैलेंद्र पांडेय, ओपीएफ कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष सर्वेश भदौरिया, महामंत्री देवेंद्र गौतम समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)