कानपुर में तेज धूप निकली, उमस करेगी परेशान:शहर से मानसून विदा हुआ, अक्टूबर के आखिर में बढ़ेगी ठंड
कानपुर में रविवार को मौसम साफ है। सुबह से तेज धूप निकली है। मानसून की विदाई हो चुकी है। बारिश थमने के बाद अब मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। दिन में धूप की तपिश महसूस होगी, जबकि वातावरण में मौजूद नमी के कारण उमस भी परेशान कर सकती है। सामान्य से अधिक रहेगा तापमान अगले कुछ दिनों तक दिन और रात के तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। हालांकि, फिलहाल बड़ी ठंड के आसार नहीं हैं। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर से मानसून की वापसी हो चुकी है। अभी दिन में तेज धूप निकल रही है और अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहेंगे। वातावरण में अभी नमी बनी हुई है, जिसके कारण उमस भी महसूस होगी। उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं के आने के साथ वातावरण की नमी धीरे-धीरे कम होगी और इसके साथ उमस भी खत्म होती जाएगी। अक्टूबर के अंतिम दिनों में पड़ेगी ठंड उन्होंने बताया कि इस बार महासागरों का तापमान रिकॉर्ड स्तर पर गर्म है। इसके कारण यूरोप समेत कई देशों में हीट वेव की स्थिति देखने को मिल रही है। ऐसे में अक्टूबर में फिलहाल बहुत अधिक सर्दी पड़ने की संभावना नहीं है। हालांकि, अक्टूबर के अंतिम दिनों में रात, सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस हो सकती है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार, मानसून की विदाई के बाद कानपुर में अब मौसम शुष्क होने की ओर बढ़ रहा है। दिन में तेज धूप और गर्मी के बीच फिलहाल नमी के कारण उमस बनी रहेगी। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव के साथ वातावरण में नमी कम होने पर मौसम में भी बदलाव महसूस होगा। शनिवार को 32.2 डिग्री रहा अधिकतम तापमान सीएसए की ओर से शनिवार को जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार, कानपुर में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक रहा। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 75 प्रतिशत दर्ज हुई। शनिवार को सुबह से तेज धूप निकली और आसमान साफ रहा। शाम के समय तापमान में कुछ राहत महसूस हुई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)