महिला सशक्तिकरण पर नुक्कड़ नाटक:वृक्षित फाउंडेशन ने किया मंचन, छेड़छाड़ व एसिड अटैक पर किया जागरूक
गांधी जयंती के अवसर पर स्थानीय गांधी चबूतरा पर वृक्षित फाउंडेशन की ओर से महिला सशक्तिकरण और महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों के खिलाफ जागरूकता के लिए एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से महिलाओं के सामने आने वाली सामाजिक और सार्वजनिक चुनौतियों को जीवंत कर दिया। नाटक में सड़क पर छेड़छाड़, कार्यस्थल पर अनुचित व्यवहार, रात में महिलाओं की सुरक्षा और प्रेम प्रस्ताव ठुकराने पर एसिड अटैक जैसे गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से दर्शाया गया। इसके जरिए यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि किसी भी प्रस्ताव को स्वीकार या अस्वीकार करना महिला का अपना व्यक्तिगत अधिकार है। इस अवसर पर वृक्षित फाउंडेशन के अध्यक्ष हर्ष शर्मा ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण का वास्तविक अर्थ केवल अधिकारों की बात करना नहीं है, बल्कि उनके लिए एक सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण तैयार करना भी है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह से महिलाओं के खिलाफ होने वाले किसी भी उत्पीड़न या हिंसा के विरुद्ध बेझिझक आवाज उठाने की अपील की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)