कानपुर में ऑटो पलटने से घायल मजदूर की मौत:भौती बाईपास पर हादसे में नीचे दब गया था, चालक पर नशे में होने का आरोप
कानपुर में ऑटो पलटने से गंभीर रूप से घायल हुए मजदूर पवन (33) की शुक्रवार सुबह हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा 29 सितंबर को सचेंडी थाना में भौती बाईपास पर हुआ था। पवन ऑटो की अगली सीट पर बैठे थे, तभी तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया और वह उसके नीचे दब गए। पवन की मौत की सूचना मिलते ही गजनेर थाना क्षेत्र के ररुवा गांव स्थित उनके घर में मातम छा गया। पत्नी राधा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने आरोप लगाया है कि हादसे के समय ऑटो चालक नशे में था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया पवन एक फैक्ट्री में मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पिता महावीर, बड़े भाई ओमप्रकाश, छोटे भाई शानू, पत्नी राधा और बेटा अभ्यास हैं। उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट की आशंका भी खड़ी हो गई है। बड़े भाई ओमप्रकाश के मुताबिक, हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ऑटो में सवार तीन अन्य लोग भी मामूली रूप से घायल हुए थे। राहगीरों ने डायल 112 पर सूचना देने के साथ घायलों की मदद की और सभी को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत में हैलट किया गया था रेफर निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों को घर भेज दिया गया, जबकि पवन की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उनका इलाज चल रहा था। परिजनों को उनके ठीक होने की उम्मीद थी, लेकिन शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई। सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)