कानपुर में ट्रक ने स्कूटी सवार पति-पत्नी को कुचला:बारादेवी से लौटते समय पत्नी की मौत, पति घायल; ड्राइवर फरार
कानपुर में रविवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार दंपति को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पति-पत्नी उछलकर सड़क पर गिर गए। इस दौरान ट्रक चालक ने भागने की कोशिश में सड़क पर गिरी महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति मामूली रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची बाबूपुरवा पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामला बाबूपुरवा में टाटमिल के पास का है। पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर, सड़क पर गिरी महिला चकेरी थाना क्षेत्र के आनंद नगर जुगई निवासी हेमंत कुमार रक्षा मंत्रालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। परिवार में उनकी पत्नी सीमा (42) थीं। हेमंत ने बताया कि रविवार को वह पत्नी सीमा के साथ बारादेवी मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन करने के बाद दोनों स्कूटी से घर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे वे टाटमिल के पास पहुंचे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार दंपति उछलकर सड़क पर जा गिरे। हेमंत के मुताबिक, वह खुद संभल पाते, इससे पहले ही ट्रक चालक ने आगे बढ़ने और भागने की कोशिश में उनकी पत्नी को कुचल दिया। गंभीर चोट लगने के कारण सीमा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में हेमंत को भी चोटें आईं। ट्रक छोड़कर भागा चालक, पुलिस ने शुरू की तलाश हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बाबूपुरवा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। अचानक हुए हादसे में पत्नी की मौत से पति हेमंत सदमे में आ गए। जिस पत्नी के साथ वह मंदिर में दर्शन करने गए थे, उसी के साथ घर लौटते समय दर्दनाक हादसा हो गया। परिवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद घर में मातम छा गया। बाबूपुरवा थाना प्रभारी नीरज ओझा ने बताया कि- परिजनों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। उसे जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)