कानपुर में व्यापारियों ने स्कैनर पर लगाया काला टेप:यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित एमडीआर के विरोध में मनाया ‘नो यूपीआई डे’
घाटमपुर समेत भीतरगांव, साढ़ और सजेती के बाजारों में शुक्रवार को व्यापारियों ने यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित एमडीआर शुल्क के विरोध में अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के आह्वान पर व्यापारियों ने दुकानों पर लगे यूपीआई स्कैनर पर काला टेप चिपका दिया। साथ ही सोशल मीडिया पर ‘आज यूपीआई भुगतान स्वीकार नहीं होगा’ का संदेश साझा कर ग्राहकों से नकदी लेकर बाजार आने की अपील की। नकद भुगतान की अपील उप्र आदर्श व्यापार मंडल के जिला मंत्री ललित सोनी ने कहा कि ‘नो यूपीआई डे’ के दौरान बाजारों में केवल नकद लेन-देन किया जा रहा है। उन्होंने ग्राहकों से शुक्रवार को खरीदारी के लिए पर्याप्त नकदी साथ लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार ने कैशलेस व्यवस्था को बढ़ावा दिया तो व्यापारियों और ग्राहकों ने डिजिटल भुगतान को अपनाया था। अब डिजिटल भुगतान पर एमडीआर शुल्क लगाने की बात सामने आने से व्यापारियों में नाराजगी है। कहा- छोटे व्यापारियों पर बढ़ेगा आर्थिक बोझ ललित सोनी ने कहा कि व्यापारियों का सवाल है कि जब ‘कैशलेस इंडिया’ के तहत डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दिया गया तो अब उसी व्यवस्था का अतिरिक्त आर्थिक बोझ व्यापारियों पर क्यों डाला जा रहा है। उनका कहना है कि छोटे व्यापारियों के लिए अतिरिक्त शुल्क आर्थिक रूप से परेशानी बढ़ा सकता है। जिला अध्यक्ष महेश वर्मा ने कहा कि ‘नो यूपीआई डे’ किसी ग्राहक के विरोध में नहीं है। यह प्रस्तावित एमडीआर शुल्क के खिलाफ गांधीगिरी के तरीके से किया गया शांतिपूर्ण विरोध है। स्कैनरों पर काला टेप लगाकर व्यापारियों ने अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान ललित सोनी, प्रदीप मिश्रा, आशीष पांडे, विनीत कुमार, सुभाष शर्मा, ओसामा मिर्जा, महेश गुप्ता, सुरेश गुप्ता, विपिन उमर, अमरनाथ गुप्ता और ज्ञानेंद्र समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)