कानपुर फ्लाईओवर पर ट्रक में घुसी बाइक, युवक गंभीर घायल:नौकरी तलाश कर लौट रहा था फतेहपुर, जबड़े में चोट आई
कानपुर में गुरुवार को नौकरी की तलाश में आया 12वीं का छात्र घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। नौबस्ता से रामादेवी जाने वाले फ्लाईओवर पर आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर लहूलुहान हालत में बेहोश हो गया और जबड़े में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची चकेरी पुलिस शाम 4 बजे एंबुलेंस की मदद से घायल को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया। अब विस्तार से पूरा मामला जानिए… फतेहपुर के असोथर थाना क्षेत्र के सरकंडी मोहल्ले के रहने वाले किसान शंकरलाल तिवारी का बेटा रोहित तिवारी (23) 12वीं का छात्र है। गुरुवार को वह कानपुर में स्विगी में काम तलाशने आया था। काम की तलाश के बाद वह बाइक से वापस फतेहपुर लौट रहा था। इसी दौरान कोयलानगर क्षेत्र में नौबस्ता से रामादेवी की ओर जाने वाले फ्लाईओवर पर उसके साथ हादसा हो गया। राहगीर अमित, राहुल, बबलू ने बताया गया कि युवक बाइक से आगे बढ़ रहा था, तभी सामने चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दी। इससे युवक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधे ट्रक में जा घुसा। टक्कर लगते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बेहोशी की हालत में देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल भिजवाया। वहां इलाज जारी है। कार्यवाहक थाना प्रभारी जावेद अहमद ने बताया कि- घायल युवक को इलाज के लिए कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। तहरीर मिलने पर मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)