कानूनगो के सामने किसान पर हमला, 5 आरोपियों पर मुकदमा:दो दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, जिला अस्पताल में चल रहा घायल का इलाज
मैनपुरी के औंछा थाना क्षेत्र में खेत की शिकायत की जांच करने पहुंचे कानूनगो के सामने किसान पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में जानलेवा हमला, बलवा, एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है। हालांकि, घटना के दो दिन बीतने के बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उधर, हमले में गंभीर रूप से घायल किसान शैलेश कुमार जैन का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामला औंछा थाना क्षेत्र के ग्राम ईसई सराय, पोस्ट अचलपुर का है। यहां रहने वाले शैलेश कुमार जैन के खेत से संबंधित शिकायत पर एसडीएम के निर्देश पर कानूनगो वसंत कुमार दुबे अपने सहायक के साथ जांच करने पहुंचे थे। आरोप है कि शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे जांच के दौरान ही कुछ लोगों ने किसान पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लोहे की रॉड, लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उसे बुरी तरह पीटा। मारपीट में किसान गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया घायल किसान ने योगेंद्र सिंह यादव, रामू, राजेंद्र, सोहित और आशू पर हमले का आरोप लगाया है। शैलेश के मुताबिक, हमलावरों ने उसे खेत में गिराकर बेरहमी से पीटा। शरीर के कई हिस्सों पर चोटें आईं। हालत गंभीर होने पर उसे पहले औंछा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। पीड़ित पक्ष के अनुसार, घटना के दौरान सुशील कुमार पुत्र दौलतराम वीडियो बनाने लगा तो आरोपियों ने उसके साथ जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि हमलावरों ने सुशील पर तमंचे से फायरिंग भी की। घायल किसान का मोबाइल फोन छीनने का आरोप भी लगाया गया है। घटना के दौरान अपनी सुरक्षा के मद्देनजर कानूनगो वसंत कुमार दुबे को भी ड्राइवर के साथ मौके से भागना पड़ा। पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई में देरी को लेकर पीड़ित पक्ष ने सवाल उठाए थे। अब पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, बलवा, एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि, घटना के दो दिन बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। इस संबंध में इंस्पेक्टर चंद्रपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, घायल शैलेश जैन की हालत गंभीर बनी हुई है और जिला अस्पताल में उसका उपचार जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)