काशी प्रीमियर लीग का वाराणसी में ट्रायल, 300 खिलाड़ी पहुंचे:टेनिस बॉल क्रिकेटरों को मिलेगा IPL जैसा मंच, आयोजक बोले - ₹6 लाख तक लगेगी बोली
वाराणसी के पूर्वोत्तर रेलवे ग्राउंड पर रविवार को काशी प्रीमयर लीग (KPL) के लिए ट्रायल लिए गए। यह क्रिकेट प्रतियोगिता टेनिस बाल टी-20 के फार्मेट में होगी। सभी मैच वाराणसी में होंगे। इसमें बिकने वाले खिलाड़ियों को 6 लाख तक की बोली लगाकर टीम फ्रेंचाइजी खरीदेंगी। अभी तक इस क्रिकेट लीग के आयोजक 22 जिलों में ट्रायल करवा चुके हैं। वाराणसी के ट्रायल में 300 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। और पसीना बहाया। सभी बॉलर और बैट्समैन को 12-12 गेंदों का मौका मिला। आयोजकों ने बताया जल्द ही सिलेक्ट हुए खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी जाएगी। IPL की तर्ज पर ऑक्शन, 20 हजार से 6 लाख तक लगेगी बोली काशी प्रीमियर लीग के चेयरमैन शैबान खान ने बताया कि इस टूर्नामेंट का पूरा प्रारूप पूरी तरह पेशेवर और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। टूर्नामेंट में बिल्कुल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की तर्ज पर खिलाड़ियों का ऑक्शन (नीलामी) कराया जाएगा। इस ऑक्शन में देश भर से शॉर्टलिस्ट किए गए खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजी बोली लगाएंगी। खिलाड़ियों का बेस प्राइस (न्यूनतम बोली) ₹20,000 निर्धारित किया गया है, जबकि किसी एक खिलाड़ी के लिए अधिकतम बोली ₹6,00,000 तक जा सकती है। टेनिस बॉल क्रिकेट के इतिहास में स्थानीय खिलाड़ियों के लिए यह एक बड़ी वित्तीय सुरक्षा और सम्मान की बात है। 8 टीमें लेंगी हिस्सा, हर टीम में होंगे 16 खिलाड़ी कन्हैया केशरी ने बताया - केपीएल के इस पहले संस्करण में कुल आठ टीमें खिताब के लिए आपस में भिड़ेंगी। इन टीमों के नाम देश के प्रमुख शहरों और आस्था के केंद्रों पर रखे गए हैं। जिनमें मुख्य रूप से बनारस महाकाल, पटना, लखनऊ और मुंबई शामिल हैं। प्रत्येक टीम स्क्वाड में 16-16 खिलाड़ियों को जगह दी जाएगी। लीग प्रबंधन और टीम ओनर्स की ओर से चयनित खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं दी जाएंगी। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के रहने, फाइव-स्टार खाने-पीने और यात्रा (लॉजिस्टिक्स) का पूरा खर्च पूरी तरह से फ्रेंचाइजी और लीग मैनेजमेंट उठाएगा। थिसारा परेरा बने ब्रांड एंबेसडर चेयरमैन शैबान खान ने बताया टूर्नामेंट को वैश्विक पहचान देने के लिए श्रीलंका के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर थिसारा परेरा को लीग का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। युवाओं को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के अनुभव का लाभ मिल सके, इसके लिए कई पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर अलग-अलग टीमों के साथ हेड कोच और मेंटॉर के रूप में जुड़ रहे हैं। DD स्पोर्ट्स और फैनकोड पर होगा लाइव टेलीकास्ट क्रिकेट फैंस के रोमांच को दोगुना करने के लिए लीग के सभी मुकाबले अंतरराष्ट्रीय मानकों वाले अत्याधुनिक स्टेडियम में खेले जाएंगे। इन मैचों का सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) डीडी स्पोर्ट्स टीवी चैनल और मशहूर स्पोर्ट्स स्ट्रीमिंग ऐप फैनकोड (FanCode) पर किया जाएगा, जिससे देश-दुनिया के कोने-कोने में बैठे दर्शक काशी के इस खेल महाकुंभ का आनंद ले सकेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)