कौशाम्बी में प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की मौत:परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप, हंगामे के बाद डॉक्टर-स्टाफ फरार होने का दावा

Oct 08, 2026 - 20:13
0
कौशाम्बी में प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की मौत:परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप, हंगामे के बाद डॉक्टर-स्टाफ फरार होने का दावा
कौशाम्बी के मंझनपुर मुख्यालय स्थित न्यू सत्यम हॉस्पिटल में गुरुवार शाम प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। अस्पताल जिला मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित है। मृतका की पहचान कोखराज थाना क्षेत्र के करेंटी गांव निवासी रीना देवी के रूप में हुई है। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि घटना के बाद डॉक्टर और अस्पताल का स्टाफ मौके से फरार हो गया। परिजन चंद्रेश के मुताबिक, रीना देवी को प्रसव के लिए न्यू सत्यम हॉस्पिटल लाया गया था। आरोप है कि प्रसव के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया, लेकिन प्रसूता और नवजात दोनों की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि हालत बिगड़ने के बाद गलत इंजेक्शन लगाए गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। उनका कहना है कि अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सकीय सुविधाएं और योग्य डॉक्टर भी मौजूद नहीं थे। परिजनों ने आशा कार्यकर्ता पर भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कमीशन के चक्कर में आशा कार्यकर्ता रीना देवी को निजी अस्पताल लेकर पहुंची थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। हंगामे के बाद डॉक्टर-स्टाफ के फरार होने का दावा जच्चा-बच्चा की मौत की जानकारी के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे और हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि हंगामा बढ़ता देख डॉक्टर और अस्पताल का स्टाफ मौके से फरार हो गया। परिजनों ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User