कौशांबी में बेकाबू बाइक ने 5 वर्षीय मासूम को कुचला:ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर जताया गुस्सा, भीड़ ने बाइक सवार को पुलिस को सौंपा

Oct 04, 2026 - 17:29
0
कौशांबी में बेकाबू बाइक ने 5 वर्षीय मासूम को कुचला:ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर जताया गुस्सा, भीड़ ने बाइक सवार को पुलिस को सौंपा
कौशांबी के सरायअकिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चयपुरवा गांव के पास रविवार को एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कौशांबी मार्ग की ओर से आ रही एक अनियंत्रित व तेज रफ्तार अपाचे मोटरसाइकिल ने राह चलते पांच वर्षीय मासूम बच्चे आयुष को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि मासूम आयुष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक मासूम की पहचान आयुष के रूप में हुई है, जो गांव के ही निवासी रोहित का पुत्र था। आयुष के पिता रोहित फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करते हैं और बेहद मेहनत से अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। घर के छोटे से चिराग की अचानक इस तरह असमय मौत हो जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से ही माँ और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सड़क पर उतरे सैकड़ों आक्रोशित ग्रामीण, एक आरोपी दबोचा गया घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए और सड़क पर उतरकर अपना कड़ा विरोध जताया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर दो युवक सवार थे और गाड़ी की गति काफी तेज थी। हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए बाइक सवार एक युवक को मौके पर ही खदेड़कर पकड़ लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा। पुलिस प्रशासन की समझाइश, न्याय का आश्वासन घटना की सूचना तुरंत डायल 112 और सरायअकिल थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभालने में जुट गया। ग्रामीणों ने पुलिस के सामने आरोपी बाइक सवारों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को न्याय व उचित मुआवजा दिलाने की मांग रखी। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों और रोते-बिलखते परिजनों को काफी देर तक समझा-बुझाकर शांत कराया और पकड़े गए आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User