कौशांबी में DFC लाइन किनारे मिट्टी कटी:सिराथू में 5 किमी तक कटाव, रेलवे ने बांस-बल्ली लगाकर की बैरिकेडिंग
कौशांबी में लगातार बारिश के कारण DFC रेलवे लाइन के किनारे कई जगह मिट्टी का कटाव और धंसाव हुआ है। सिराथू क्षेत्र में करीब 5 किलोमीटर के दायरे में मिट्टी खिसकने की घटनाएं सामने आई हैं। इससे रेलवे ट्रैक की सुरक्षा पर सवाल उठ गए हैं। मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए रेलवे की ट्रैक पेट्रोलिंग टीम ने बांस-बल्लियों का इस्तेमाल किया है। साथ ही, धंसी हुई जगहों पर बोरियों में गिट्टी, बालू और मिट्टी भरकर लगाया जा रहा है। हालांकि, लगातार बारिश के कारण मिट्टी धंसने का सिलसिला जारी है, जिससे इन अस्थायी इंतजामों की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर रेलवे ने समय रहते ठोस इंतजाम नहीं किए, तो बारिश से मिट्टी का कटाव और बढ़ सकता है। इससे DFC रेलवे लाइन को बड़ा नुकसान होने का खतरा है। फिलहाल, सिराथू क्षेत्र में अस्थायी व्यवस्थाओं के भरोसे ही मिट्टी का कटाव रोकने की कोशिश की जा रही है।
स्थानीय स्तर पर रेलवे का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी इस मामले पर कैमरे के सामने कुछ भी कहने को तैयार नहीं है। एक कर्मचारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि ट्रैक पेट्रोलिंग टीम ने उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी है। यह अस्थायी व्यवस्था उन्हीं के निर्देश पर की गई है। गौरतलब है कि इस DFC रेलवे लाइन से हर दिन 100 से ज्यादा मालगाड़ियां गुजरती हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)