कड़ाधाम मेले की सुरक्षा परखने पहुंचे एडीजी:मां शीतला मंदिर और कुबरी घाट का किया निरीक्षण, 258 पुलिसकर्मी और 46 चौकीदार तैनात
कौशाम्बी में शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर रविवार दोपहर 3 बजे एडीजी प्रयागराज जोन ज्योतिनारायण कड़ाधाम पहुंचे। उन्होंने मां शीतला मंदिर और कुबरी घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान मेले की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। ड्यूटी में लापरवाही न बरतने के निर्देश एडीजी ने मंदिर परिसर और कुबरी घाट पर तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही न हो। पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर मुस्तैदी से तैनात रहें। भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरतें। उन्होंने आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने और आपसी समन्वय से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर और घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा न होने देने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एसपी सत्यनारायण और सीओ सिराथू सत्येंद्र तिवारी मौजूद रहे। मेले में 258 पुलिसकर्मी और 46 चौकीदार तैनात कड़ाधाम स्थित मां शीतला शक्तिपीठ मंदिर में 11 से 20 अक्टूबर तक नवरात्र मेला आयोजित हो रहा है। मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर, घाटों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस के ड्यूटी विवरण के अनुसार, मेले में कुल 258 पुलिसकर्मी और 46 चौकीदार लगाए गए हैं। इनमें तीन क्षेत्राधिकारी, तीन निरीक्षक, 33 उपनिरीक्षक, छह महिला उपनिरीक्षक, 159 मुख्य आरक्षी, 32 महिला आरक्षी और आठ होमगार्ड/पीआरडी टीमें शामिल हैं। इसके अलावा चार उन्नीस टीमें और 10 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल टीमें भी तैनात की गई हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)