केशव मौर्य बोले- 2027 में भाजपा फिर बनाएगी सरकार:अखिलेश के 2022 के दावे पर तंज, बोले- इस बार अर्धशतक भी मुश्किल
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे कौशांबी पहुंचे। उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय श्याम लाल मौर्य की पुण्यतिथि पर परिजनों के साथ हवन-पूजन किया। इसके बाद हेलीपैड पर पार्टी कार्यकर्ताओं और फरियादियों से मुलाकात की। करीब 10-12 लोगों ने अपनी समस्याएं बताईं। डिप्टी सीएम ने डीएम को इनके समाधान के निर्देश दिए। अखिलेश के 2022 के दावे पर तंज शाम करीब 4 बजे मीडिया से बातचीत में केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने 403 सीटों पर जीत का दावा किया था। उनके मुताबिक सपा 111 सीटों पर ही रुक गई। मौर्य ने कहा कि इस बार सपा की स्थिति और खराब है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर सपा विधानसभा में अर्धशतक भी लगा ले तो बड़ी बात होगी। ‘2027 में भाजपा फिर बनाएगी सरकार’ केशव मौर्य ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ फिर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि देश में भाजपा वर्तमान और भविष्य की पार्टी है। मौर्य ने यह भी दावा किया कि 2047 तक देश में भाजपा की सरकार बनी रहेगी। चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष पर निशाना डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा की विपक्षी पार्टियां चुनाव में भाजपा का मुकाबला नहीं कर पातीं। इसलिए चुनाव आयोग के बहाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाया जाता है। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर भी निशाना साधा। राहुल गांधी पर भी किया पलटवार राहुल गांधी को लेकर डिप्टी सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अति पिछड़ी जाति में जन्म लेने वाला एक चाय बेचने वाला व्यक्ति लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री कैसे बन गया। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि नरेंद्र मोदी देश की 140 करोड़ जनता के विश्वास के पात्र बने और उन्हें दुनिया के 36 देशों के सर्वोच्च सम्मान मिले।मौर्य ने कहा कि भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा कांग्रेस और राहुल गांधी को स्वीकार नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को इसे स्वीकार करने की क्षमता बढ़ानी होगी। सपा-कांग्रेस को लेकर किया दावा केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश में कांग्रेस और उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार नहीं बनने वाली है। उन्होंने भाजपा के दोबारा सत्ता में आने का दावा किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)