केशव मौर्य बोले- 2027 में भाजपा फिर बनाएगी सरकार:यूपी में 300 पार सीटें जीतने का दावा, अखिलेश CM नहीं बन पाएंगे
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को फतेहपुर में कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के साथ बैठक की। दोपहर करीब ढाई बजे उन्होंने सरकारी योजनाओं, 2027 के विधानसभा चुनाव, समाजवादी पार्टी के PDA नारे और राहुल गांधी को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 में फिर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी और 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी। वहीं, उन्होंने विपक्ष पर दुष्प्रचार और देश का माहौल खराब करने का आरोप लगाया। बोले- पात्र लोगों को समय से मिले आवास डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत जिलों को आवास आवंटित किए जा चुके हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पात्र लाभार्थियों को समय से आवास का लाभ मिले और निर्माण जल्द पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी गरीब कच्चे मकान, झुग्गी या झोपड़ी में न रहे। जरूरतमंदों को पीएम आवास या सीएम आवास योजना से लाभान्वित किया जाए। केशव मौर्य के मुताबिक, प्रदेश में करीब साढ़े छह लाख प्रधानमंत्री आवास आए हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत भी निर्धारित श्रेणियों के पात्र लोगों को लगातार लाभ दिया जा रहा है। 2027 में 300 पार सीटें जीतने का दावा विधानसभा चुनाव को लेकर केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा 2027 में तीसरी बार प्रदेश में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी का सूपड़ा साफ होने का दावा करते हुए कहा कि भाजपा 2017 का प्रदर्शन दोहराएगी और सीटों की संख्या 300 पार होगी। विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक क्षेत्र की 11 सीटों पर होने वाले चुनाव में भी उन्होंने भाजपा के सभी प्रत्याशियों की जीत का विश्वास जताया। अखिलेश यादव के PDA नारे पर साधा निशाना अखिलेश यादव के PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक नारे पर निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम ने कहा, “सौ-सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली।” उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते हुए कन्नौज में डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज से उनका नाम हटाया गया था। केशव मौर्य ने गाजियाबाद में आजम खान द्वारा बाबा साहब को लेकर की गई टिप्पणी का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस समय अखिलेश यादव ने इसका विरोध नहीं किया। उन्होंने कहा कि ऐसे में सपा नेता खुद को बाबा साहब का अनुयायी और दलितों-पिछड़ों का हितैषी नहीं बता सकते। राहुल पर विदेशी शक्तियों के इशारे पर माहौल बिगाड़ने का आरोप राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए केशव मौर्य ने आरोप लगाया कि वह विदेशी शक्तियों के इशारे पर देश में अराजकता फैलाने और माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में दुष्प्रचार के सहारे सपा-कांग्रेस को कुछ सीटें मिलीं, जिसके बाद विपक्ष का अहंकार बढ़ गया। डिप्टी सीएम ने कहा कि विपक्ष को बांग्लादेश और श्रीलंका जैसे घटनाक्रम भारत में होने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। यदि विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ मुद्दे हैं तो उसे जनता के बीच जाकर चुनाव लड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्ष के सवालों का जवाब सड़क से लेकर सदन तक देने के लिए तैयार है। केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा न फर्जी वोट जुड़वाने का काम करती है और न फर्जी वोट डलवाती है। उन्होंने विपक्ष पर भ्रष्टाचार और अपराध से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)