खेत में लटकते तार से महिला की मौत:देवरिया के रामनगर टोले में हादसा, परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया

Oct 18, 2026 - 15:05
0
खेत में लटकते तार से महिला की मौत:देवरिया के रामनगर टोले में हादसा, परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया
देवरिया के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव के रामनगर टोले में रविवार को 11 बजे खेत की ओर गई महिला की 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन (एचटी) तार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की पहचान फतेहपुर गांव के रामनगर टोला निवासी रजउती देवी (60), पत्नी रामकेवल निषाद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार को दिन में करीब 11 बजे रजउती देवी खेत की तरफ गई थीं। इसी दौरान वह खेत में धान की फसल के ऊपर लटक रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गईं। करंट लगने से उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और रुद्रपुर पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप परिवार के लोगों का आरोप है कि खेत के ऊपर से गुजर रहा हाईटेंशन तार काफी समय से नीचे लटक रहा था। बताया कि बिजली का पोल टूटने के कारण तार धान की फसल के ऊपर झूल रहा था। इसकी शिकायत बिजली विभाग के कर्मचारियों से की गई थी, लेकिन तार को ठीक नहीं कराया गया। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते तार को दुरुस्त कर दिया गया होता तो यह हादसा नहीं होता। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है। गांव के मनोज निषाद का कहना है कि खेतों के ऊपर झूलते हाईटेंशन तारों से हादसे का खतरा बना रहता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बिजली विभाग की ओर से शिकायत और हादसे के संबंध में क्या कार्रवाई की गई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User