खीरी के 9,250 किसानों के खाते में पहुंचे 6.42 करोड़:15 हजार को दो दिन में मिलेगा अनुदान, बाढ़ से 24,271 किसानों की 8,148 हेक्टेयर फसल प्रभावित
लखीमपुर खीरी में बाढ़ से फसल बर्बाद होने के बाद किसानों को राहत देने के लिए प्रदेश सरकार ने कृषि निवेश अनुदान जारी किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेश के नौ लाख से अधिक किसानों के लिए 493 करोड़ रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी। इसके तहत लखीमपुर खीरी के 9,250 किसानों के खातों में 6 करोड़ 42 लाख 74 हजार 93 रुपये पहुंचे हैं। वहीं, शेष 15,021 किसानों को 10 करोड़ 79 लाख 19 हजार 341 रुपये का अनुदान अगले दो दिनों में मिलेगा। किसानों को डेमो चेक सौंपे कलेक्ट्रेट के अटल सभागार में दोपहर दो बजे आयोजित कार्यक्रम में विधायक योगेश वर्मा, डीएम अंजनी कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता और एडीएम बृजेश कुमार त्रिपाठी ने किसानों को डेमो चेक सौंपे। इस दौरान गोरखपुर से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया। 24,271 किसानों की फसल को नुकसान डीएम अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि जिले की पांच बाढ़ प्रभावित तहसीलों में 24,271 किसानों की 8,148.200 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है। इनके लिए कुल 17 करोड़ 21 लाख 93 हजार 434 रुपये की सहायता निर्धारित की गई है। पहले चरण में 9,250 किसानों के खातों में अनुदान भेजा गया है। शेष किसानों को दो दिन में भुगतान करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बाढ़ से 150 गांव प्रभावित, 64 हजार से अधिक आबादी पर असर एडीएम बृजेश कुमार त्रिपाठी के अनुसार, इस वर्ष बाढ़ से जिले के 150 गांव प्रभावित हुए। इनमें 41 गांवों की 64,720 आबादी सीधे प्रभावित हुई, जबकि 109 गांवों में कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा। प्रभावित परिवारों को 14,008 राहत किट वितरित की गईं। वहीं, सड़कों के किनारे और ऊंचे स्थानों पर शरण लेने वाले 21,110 विस्थापितों को 2,22,405 लंच पैकेट उपलब्ध कराए गए। अनुदान से अगली फसल की तैयारी में मिलेगी मदद विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा में फसल खराब होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है। ऐसे में अनुदान से उन्हें दोबारा खेती शुरू करने और अगली फसल की तैयारी में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, अर्चना ओझा, सदर व गोला तहसीलों के तहसीलदार सहित राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)