किसान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प:कृषि मंत्री से मिलने पहुंचे थे, मंत्री और पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी

Oct 14, 2026 - 17:49
0
किसान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प:कृषि मंत्री से मिलने पहुंचे थे, मंत्री और पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी
आगरा मंडलायुक्त कार्यालय में बुधवार को हंगामा हो गया। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही से मिलने पहुंचे किसान कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई। कार्यकर्ता मंत्री को किसानों की समस्याएं बताना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने पुलिस और कृषि मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। दरअसल, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही मंगलवार को आगरा में आयोजित मंडलीय रबी उत्पादकता गोष्ठी में शामिल होने पहुंचे थे। गोष्ठी मंडलायुक्त कार्यालय में आयोजित की गई थी। इसी दौरान किसान कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मुकेश डागुर के नेतृत्व में कई कार्यकर्ता किसानों की समस्याओं को लेकर मंत्री से मिलने पहुंचे ।कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे शांतिपूर्ण तरीके से मंत्री को ज्ञापन देना चाहते थे, लेकिन गेट पर तैनात पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई। कुछ देर तक कार्यालय परिसर में हंगामे की स्थिति बनी रही। खाद और मंडी को लेकर लगाए आरोप किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश डागुर ने आरोप लगाया कि बाजार बिक्री के लिए समय से नहीं खुल रहे हैं। आलू की बुवाई का समय चल रहा है, लेकिन किसानों को डीएपी खाद नहीं मिल पा रही है। किसान सुबह से शाम तक खाद के लिए लाइनों में लगे रहते हैं, फिर भी खाद नहीं मिल रही। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आलू किसानों को सब्सिडी का लाभ भी नहीं मिल रहा है। सरकार दावे तो बड़े-बड़े कर रही है, लेकिन धरातल पर किसानों को कोई राहत नहीं है। यही समस्याएं कृषि मंत्री के सामने रखने के लिए वे मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मिलने नहीं दिया। हंगामे के बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को कार्यालय परिसर से बाहर कर दिया। कार्यकर्ताओं ने बाहर निकलकर भी नारेबाजी की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User