किसानों की समस्याओं को लेकर डीएम ऑफिस पहुंची भाकियू तेवतिया:गांव में जलभराव, बच्ची का आधार नहीं बनने और जमीन पर कब्जा न मिलने की शिकायत

Oct 06, 2026 - 15:11
0
किसानों की समस्याओं को लेकर डीएम ऑफिस पहुंची भाकियू तेवतिया:गांव में जलभराव, बच्ची का आधार नहीं बनने और जमीन पर कब्जा न मिलने की शिकायत
भारतीय किसान यूनियन (तेवतिया) मंगलवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर डीएम ऑफिस पहुंची। संगठन की ओर से डीएम को ज्ञापन देकर अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की मांग की गई। इनमें जमीन पर कब्जा न मिलने, 9 वर्षीय बच्ची का तीन बार प्रयास के बाद भी आधार कार्ड न बनने और ग्राम समाज की जमीन पर गंदगी व जलभराव की समस्या शामिल रही। ग्राम समाज की जमीन पर कूड़ा-कबाड़, जलभराव और मच्छरों की समस्या ग्राम टिकरी, थाना जानी की ग्राम समाज की जमीन पर लंबे समय से कूड़ा-कबाड़ और गंदगी पड़ी होने की शिकायत भी ज्ञापन में की गई। ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दौरान यहां गंदा पानी जमा होकर सड़क और आसपास के घरों तक पहुंच जाता है। इससे जलभराव और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। संगठन ने मौके से कूड़ा हटाने, फॉगिंग व कीटनाशक का छिड़काव कराने, जलभराव का स्थायी समाधान कराने की मांग की। साथ ही जमीन को सुरक्षित रखते हुए वहां बच्चों के लिए खेल मैदान या पार्क विकसित कराने की मांग भी रखी। तीन बार प्रयास के बाद भी 9 वर्षीय बच्ची का आधार नहीं बना ज्ञापन में बताया गया कि 9 वर्षीय बच्ची का आधार कार्ड बनवाने के लिए तीन बार नामांकन कराया गया, लेकिन हर बार आवेदन रिजेक्ट हो गया। आधार नहीं बनने से बच्ची को स्कूल के जरूरी काम और दस्तावेज तैयार कराने में परेशानी हो रही है। संगठन ने मामले की जांच कर संबंधित विभाग को बच्ची का आधार कार्ड जल्द बनवाने के निर्देश देने की मांग की। बैनामा और दाखिल-खारिज के बाद भी नहीं मिला जमीन पर कब्जा ज्ञापन में बीर महेंद्र ने बताया कि ग्राम गेशा में खसरा की जमीन का बैनामा 6 अगस्त 2024 को राजबाला से उनकी बेटी गुड्डी के नाम कराया गया था। तहसीलदार के आदेश के बाद 1 फरवरी 2025 को जमीन का दाखिल-खारिज भी गुड्डी के नाम हो गया। आरोप है कि राजबाला ने यह जमीन बटाई पर सुनील पुत्र दाताराम को दे रखी थी। अब बैनामा और दाखिल-खारिज होने के बाद भी सुनील जमीन पर कब्जा नहीं दे रहा है। इसके अलावा ग्राम पूठरी में अन्य जमीन पर राजाराम पुत्र रायसिंह द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत भी की गई। संगठन ने तहसीलदार और संबंधित कर्मचारियों को मौके पर भेजकर जमीन की जांच कराने और गुड्डी को उसकी जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग की। कलीना में जर्जर बिजली लाइन टूटने से भैंसे की मौत, महिला घायल ग्राम कलीना में 28 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे जर्जर विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से करंट की चपेट में आकर भैंसे की मौत हो गई, जबकि सोनिया नाम की महिला घायल हो गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बिजली की लाइन काफी समय से जर्जर और नीचे लटकी हुई थी। राजीव उर्फ भूरा ने अधिकारियों से कई बार इसकी शिकायत की थी, लेकिन तार ठीक नहीं कराए गए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि 18 सितंबर को ग्राम हसनपुर रजापुर में जेई अनिल, एसडीओ उमैर खान और लाइनमैन संजय व मुकेश ने उसके साथ कथित रूप से बदसलूकी और मारपीट का प्रयास किया। आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी पाए जाने वाले बिजली विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई, जर्जर लाइन को तत्काल ठीक कराने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User