किताबों से बाहर प्रशासन को समझने पहुंचे 35 अभ्यर्थी:बलरामपुर DM ने कार्यालय में बुलाकर दिखाई कार्यप्रणाली

Oct 06, 2026 - 16:01
0
किताबों से बाहर प्रशासन को समझने पहुंचे 35 अभ्यर्थी:बलरामपुर DM ने कार्यालय में बुलाकर दिखाई कार्यप्रणाली
बलरामपुर में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए किताबों से बाहर निकलकर प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से समझने का अनूठा अवसर मिला। मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग योजना के तहत तैयारी कर रहे 35 छात्र-छात्राओं को डीएम डॉ. विपिन जैन ने अपने कार्यालय में आमंत्रित कर न केवल प्रशासनिक कार्यप्रणाली से रूबरू कराया, बल्कि विभिन्न महत्वपूर्ण अनुभागों का भ्रमण भी कराया। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस विशेष अनुभवात्मक सत्र में छात्र-छात्राओं ने प्रशासन के कामकाज को बेहद करीब से देखा और समझा।डीएम ने उन्हें सभागार, ट्रेजरी, कोर्ट रूम तथा चुनाव व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। प्रशासनिक निर्णय किस तरह लिए जाते हैं और विभिन्न व्यवस्थाएं किस प्रकार संचालित होती हैं, इसे छात्रों ने प्रत्यक्ष रूप से जाना। प्रशासनिक कार्यों से जुड़े कई सवाल इस दौरान छात्रों की जिज्ञासा भी खूब देखने को मिली। प्रज्ज्वल, राजेंद्र और रिंकू ने प्रशासनिक कार्यों से जुड़े कई सवाल डीएम के समक्ष रखे। डॉ. विपिन जैन ने उनकी जिज्ञासाओं को गंभीरता से सुना और सरल ढंग से जवाब देकर उन्हें संतुष्ट किया। छात्रों के सवालों और सीखने की उत्सुकता की सराहना करते हुए उन्होंने उन्हें सिविल सेवा की तैयारी में निरंतर अनुशासन, अध्ययन और जिज्ञासा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग योजना के कोर्स कोऑर्डिनेटर को डायट परिसर में निर्मित नवीन लाइब्रेरी का शीघ्र संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही 22 अक्टूबर 2026 को राजकीय लाइब्रेरी का शुभारंभ किए जाने को लेकर भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए। दोपहर करीब 12 बजे से 1:30 बजे तक चले इस कार्यक्रम में अभ्युदय योजना के अभ्यर्थियों को प्रशासनिक व्यवस्था का जो प्रत्यक्ष अनुभव मिला, वह उनके लिए कक्षा-कक्ष की पढ़ाई से अलग एक महत्वपूर्ण सीख साबित हुआ। सिविल सेवा की तैयारी कर रहे इन युवाओं के लिए यह दौरा प्रशासन को किताबों में पढ़ने के बजाय उसे सामने से समझने का अवसर बन गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User