कक्षा-7 की छात्रा ने संभाली एएसपी मुख्यालय की कमान:सोनभद्र में जनशिकायतें सुनीं, पुलिस की कार्यप्रणाली को भी समझा

Oct 16, 2026 - 15:56
0
कक्षा-7 की छात्रा ने संभाली एएसपी मुख्यालय की कमान:सोनभद्र में जनशिकायतें सुनीं, पुलिस की कार्यप्रणाली को भी समझा
सोनभद्र मे मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से सोनभद्र पुलिस ने अनूठी पहल की। कंपोजिट विद्यालय मुसही, रॉबर्ट्सगंज की कक्षा सात की छात्रा कुमारी पूजा ने शुक्रवार को एक दिन के लिए अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्यालय में पहुंचने वाले फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने का आत्मविश्वास बढ़ाना है। शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल की उपस्थिति में छात्रा पूजा को एएसपी मुख्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद छात्रा ने पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की प्रक्रिया को समझा और विभिन्न शिकायतों को सुनते हुए उनके निस्तारण के लिए निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने छात्रा को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, अधिकारियों के दायित्वों और जनशिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं को सुनकर उनका उचित समाधान सुनिश्चित करना भी है। स्कूल बैग देकर किया प्रोत्साहित पुलिस अधिकारियों ने छात्रा पूजा को प्रोत्साहित करते हुए स्कूल बैग भेंट किया। इसका उद्देश्य उसे शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के साथ अपने सपनों को पूरा करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए उत्साहित करना रहा। एक दिन के लिए पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाने का अवसर मिलने से छात्रा को प्रशासनिक जिम्मेदारियों को करीब से समझने का मौका मिला। सोनभद्र पुलिस की ओर से मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तीकरण के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, ऐसी पहल से बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें भविष्य में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने में मदद मिलेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User