कल से शुरु होगा जनकपुरी महोत्सव, निकलेगी आमंत्रण यात्रा:सीताजी के डोला संग चलेंगी हजारों महिलाएं, 8 को जनकपुरी में होगा श्रीराम का स्वागत
प्रभु श्रीराम और माता जानकी के विवाहोत्सव के लिए आगरा की जनकपुरी पूरी तरह तैयार है। कल 3 अक्टूबर से जनकपुरी महोत्सव की शुरुआत होगी। मिथिला नगरी के स्वरूप में सजी जनकपुरी में घर-द्वार से लेकर मुख्य मार्ग और जनक मंच तक सजावट लगभग पूरी हो चुकी है। आठ दिन चलने वाले महोत्सव की शुरुआत शनिवार को दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से निकलने वाली आमंत्रण यात्रा से होगी। हजारों वाहनों के साथ निकलने वाली यह यात्रा शहरवासियों को श्रीराम-जानकी विवाहोत्सव में शामिल होने का न्योता देगी। इसके बाद 5 अक्टूबर को मेहंदी-संगीत, 6 को माता सीता का डोला, 7 को श्रीराम की बारात और 10 अक्टूबर को संगीतमय रामायण महोत्सव के प्रमुख आकर्षण होंगे। जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने बताया कि महोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। पिछले एक महीने से अधिक समय से जनकपुरी कार्यालय में रोज भगवान श्रीराम की आरती और हनुमान चालीसा का पाठ किया जा रहा है। पूरे क्षेत्र में धार्मिक और उत्सवी माहौल बना हुआ है। कार्यक्रमों को लेकर भावना एस्टेट स्थित जनकपुरी कार्यालय पर आमंत्रण पत्र का विमोचन भी किया गया। कल आमंत्रण यात्रा से होगी शुरुआत 3 अक्टूबर को दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी। इसमें हजारों वाहन शामिल होंगे। यात्रा के जरिए शहरवासियों को प्रभु श्रीराम की बारात और श्रीराम-जानकी विवाहोत्सव में परिवार सहित शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा। यात्रा का विश्राम नीम करोली बाबा मंदिर पर होगा, जहां सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। 5 अक्टूबर को मेहंदी-संगीत और हल्दी 5 अक्टूबर को राजा जनक के स्वरूप अशोक कुमार गोयल के निवास एंथम, आवास विकास कॉलोनी में मेहंदी, संगीत और हल्दी की रस्में होंगी। कार्यक्रम में लोक गायिका तृप्ति शाक्या प्रस्तुति देंगी। महिला समिति की सदस्य भी एक समान ड्रेस कोड में कार्यक्रम में शामिल होंगी। 6 अक्टूबर को हजारों महिलाएं निकालेंगी सीता जी का डोला 6 अक्टूबर को गणपति किंग्स काउंटी से माता सीता का भव्य डोला निकलेगा। इसके आगे भगवान गणेश की सवारी और राजा जनक की बग्गी रहेगी। ओंकारेश्वर मंदिर में गौरा पूजन के बाद श्रद्धालुओं को माता जानकी के स्वरूप के दर्शन होंगे। इस बार डोले में जनकपुरी महिला समिति की हजारों महिलाएं एक जैसी साड़ी पहनकर शामिल होंगी। महिला समिति की ओर से डोले और मेहंदी कार्यक्रम के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। 7 अक्टूबर को चांदी के रथ पर निकलेंगे श्रीराम 7 अक्टूबर को सुबह 6 बजे गणपति किंग्स काउंटी पर श्रीराम की बारात का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद प्रभु श्रीराम के स्वरूप को चांदी के रथ पर विराजमान कर नगर दर्शन कराया जाएगा। बारात कावेरी कौस्तुंभ स्थित जनमासे पहुंचेगी। इसी दिन सुबह 11 बजे भावना एस्टेट स्थित भावनेश्वर मंदिर में तुलसी-शालिग्राम विवाह होगा। जनक मंच पर श्रीराम और अन्य स्वरूपों के दर्शन होंगे। नासिक का लाइव बैंड गणेश वंदना और इंडिया गॉट टैलेंट की टीम हनुमान स्तुति प्रस्तुत करेगी। 8 को बड़हर की दावत और राम भजन संध्या 8 अक्टूबर को राम रघु आनंदा के सामने पारंपरिक बड़हर की दावत होगी। शाम को गायक कुमार विशु श्रीराम भजन संध्या प्रस्तुत करेंगे। 9 अक्टूबर को श्रद्धालुओं के लिए स्वरूप दर्शन होंगे और रात में स्वरूपों की विदाई होगी। 10 अक्टूबर को संगीतमय रामायण से समापन 10 अक्टूबर को सम्मान समारोह के बाद जनक मंच पर रामायण की संगीतमय और जीवंत प्रस्तुति होगी। गौरव खन्ना श्रीराम, बिंदु दारा सिंह हनुमान, आर्य बब्बर रावण और प्राची कामले सीता की भूमिका निभाएंगी। तुषार कालिया शिव तांडव की विशेष प्रस्तुति देंगे। पूरे जनकपुरी क्षेत्र में उड़ते हुए हनुमान जी और वानर सेना के स्वरूप भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की व्यवस्था महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पुरुषोत्तम दास सावित्री देवी कैंसर केयर एंड रिसर्च सेंटर के पास और गुरुद्वारा राम रघु आनंदा के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पार्किंग स्थलों से जनकपुरी के मुख्य द्वार तक इलेक्ट्रिक वाहनों से श्रद्धालुओं को पहुंचाया जाएगा। बुजुर्गों और महिलाओं को इससे विशेष सुविधा मिलेगी। आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने कहा कि जनकपुरी को इस बार इस तरह सजाया गया है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को मिथिला नगरी का अनुभव हो। समिति ने शहरवासियों से परिवार सहित पहुंचकर श्रीराम-जानकी के दर्शन और महोत्सव के धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल होने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)