कलेक्ट्रेट गेट पर सपाइयों का धरना-प्रदर्शन:संभल में लोकतंत्र बचाओ, ज्ञानेश को हटाओ के नारे, CEC का पुतला फूंका
सम्भल में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर चल रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत बुधवार को 1 बजकर 45 मिनट पर सपाइयों ने बहजोई कलेक्ट्रेट के गेट पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘लोकतंत्र बचाओ, ज्ञानेश को हटाओ’ और ‘वोट चोरी बंद करो’ समेत कई नारे लगाए। सपा कार्यकर्ता हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। सपा नेताओं ने चुनाव आयोग पर पीडीए से जुड़े मतदाताओं के नाम प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। असमोली विधायक पिंकी यादव ने कहा कि दो से आठ तारीख तक चल रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए कहा कि पात्र मतदाताओं के वोट काटे जाने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी। सपा जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर ‘लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ और देश बचाओ’ कार्यक्रम के तहत पैदल मार्च निकाला गया। उन्होंने आरोप लगाया कि फॉर्म-7 के माध्यम से बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी समर्थक मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी के बूथ लेवल एजेंटों की सक्रियता से ऐसे मामलों की जानकारी सामने आई और प्रशासन के समक्ष शिकायत की गई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। सीओ बहजोई स्तुति सिंह, सीओ चंदौसी विवेक जावला और सीओ गुन्नौर अंकित मिश्रा के अलावा आरआरएफ, पीएसी तथा आठ थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। प्रदर्शन में सम्भल विधायक इकबाल महमूद, गुन्नौर विधायक रामखिलाड़ी सिंह यादव, असमोली विधायक पिंकी यादव, चंदौसी विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी विमलेश कुमारी, बिलारी विधायक हाजी फहीम समेत सपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)