कलक्टरगंज में तेज रफ्तार पिकअप ने मजदूर को कुचला:दालमंडी में सड़क पार करते समय हादसा, मौके पर मौत, चालक फरार
कानपुर के कलक्टरगंज थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से सड़क पार कर रहे एक मजदूर की मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक पिकअप छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन युवक को हैलट अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसा कलक्टरगंज थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। उधर, युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। दालमंडी में मजदूरी करता था धीरेन्द्र प्रतापगढ़ जिले के इसीपुर, पोस्ट दकोती, थाना कोतवाली निवासी राम सिंह किसान हैं। उनके तीन बेटे हैं। उनकी पत्नी पुष्पा सिंह की करीब एक साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। बड़ा बेटा धीरेन्द्र प्रताप सिंह (48) कानपुर में रहकर मजदूरी करता था। दूसरा बेटा वीरेंद्र मुंबई में नौकरी करता है, जबकि तीसरा बेटा रामेन्द्र पिता के साथ खेती-किसानी में हाथ बंटाता है। राम सिंह ने बताया कि उनका बेटा धीरेन्द्र कानपुर में रहकर मेहनत-मजदूरी के जरिए परिवार का भरण-पोषण करता था। शुक्रवार दोपहर वह कलक्टरगंज के दालमंडी क्षेत्र में काम कर रहा था। इसी दौरान किसी काम से सड़क पार करने लगा। तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने उसे टक्कर मार दी और कुचलते हुए निकल गई। हादसे में धीरेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। थाने से चंद कदम की दूरी पर हादसा प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने युवक को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। उसे तत्काल हैलट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना कलक्टरगंज थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस और स्थानीय दुकानदारों ने युवक के परिजनों को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलने पर शनिवार को परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहरीर मिलने पर दर्ज होगा मुकदमा कलक्टरगंज थाना प्रभारी के मुताबिक, मामले में परिजनों की ओर से अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद पिकअप के नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के संबंध में जानकारी जुटा रही है और फरार चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)