कम पेट्रोल डालने के शक में सेल्समैन को पीटा:मेरठ में पुलिस चौकी के बाहर भी मारपीट, पुलिसकर्मियों के मोबाइल छीनने की कोशिश
मेरठ के लालकुर्ती थाना क्षेत्र में सोमवार शाम कम पेट्रोल डालने के शक में 6 युवकों ने पेट्रोल पंप के सेल्समैन से मारपीट की। घटना बाउंड्री रोड स्थित भारत पेट्रोलियम के पंप पर हुई। आरोप है कि युवकों ने पुलिस चौकी के सामने भी सेल्समैन को पीटा। बताया गया कि एक युवक ने 1,000 रुपए का पेट्रोल डलवाया था, लेकिन उसे 10 रुपए का पेट्रोल कम मिलने का शक हुआ। इसी बात पर उसने हंगामा करते हुए सेल्समैन पर कम पेट्रोल डालने का आरोप लगाया। समझाने पहुंचे पंप मैनेजर के सामने ही युवक ने सेल्समैन को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद युवक ने अपने साथियों को बुला लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर सेल्समैन की पिटाई की और पुलिस चौकी के बाहर भी मारपीट की। पुलिस ने तीन युवकों को पकड़कर थाने पहुंचाया। पंप मैनेजर ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। 10 रुपए के पेट्रोल को लेकर हुआ विवाद सोमवार शाम बाउंड्री रोड स्थित भारत पेट्रोलियम पंप पर एक युवक ने 1,000 रुपए का पेट्रोल डलवाया। उसे 10 रुपए का पेट्रोल कम मिलने का शक हुआ तो उसने हंगामा शुरू कर दिया और सेल्समैन पर कम पेट्रोल डालने का आरोप लगाया। पंप मैनेजर ललित शर्मा ने युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उसने सेल्समैन को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद अपने साथियों को बुला लिया। छह युवकों ने पंप पर हंगामा किया और सेल्समैन से मारपीट की। पंप मालिक संजीव प्रताप सिंह ने भी उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। चौकी के बाहर भी पीटा, तीन युवक पकड़े गए पुलिसकर्मी युवकों को चौकी ले जाने लगे तो आरोप है कि उन्होंने चौकी के बाहर भी सेल्समैन को पीटा। इस दौरान पुलिसकर्मियों के मोबाइल छीनने की कोशिश भी की गई। बाद में अतिरिक्त पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और तीन युवकों को पकड़कर थाने ले गए। पंप मैनेजर ललित शर्मा ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी है। एसपी सिटी विनायक भोंसले ने बताया कि मारपीट के मामले में तहरीर मिल गई है। आरोपों की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)