कन्नौज में एक दिन की DM बनीं 10वीं की टॉपर:कानून-गो की मां ने बेटे के ट्रांसफर के लिए पत्र सौंपा, तत्काल मिला ट्रांसफर लेटर
कन्नौज में हाईस्कूल की परीक्षा में 94.43 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली गुरसहायगंज निवासी सृष्टि शुक्रवार को एक दिन की जिलाधिकारी बनीं। इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट में जनता दर्शन के तहत फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में एक बुजुर्ग महिला ने अपने बेटे का तबादला कराने की गुहार लगाई। सृष्टि ने उनकी समस्या पर संवेदनशीलता दिखाते हुए स्थानांतरण संबंधी आदेश पत्र प्रदान किया। महिला ने इस पर खुशी जताई। बुजुर्ग महिला ने बेटे के तबादले की लगाई गुहार गुरसहायगंज निवासी प्रेम नारायण दीक्षित की बेटी सृष्टि ने डीएम की भूमिका निभाते हुए जनता दर्शन में आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। छिबरामऊ निवासी बुजुर्ग महिला जहानवती ने खराब स्वास्थ्य और अधिक उम्र का हवाला देते हुए अपने बेटे यज्ञ दत्त का तबादला छिबरामऊ तहसील में कराने का अनुरोध किया। यज्ञ दत्त तिर्वा तहसील में राजस्व निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। सृष्टि ने महिला की समस्या पर संवेदनशीलता दिखाते हुए स्थानांतरण संबंधी आदेश पत्र प्रदान किया। साथ ही उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
आवास और वारिसान प्रमाण पत्र के मामलों में दिए निर्देश जनसुनवाई के दौरान निशा ने दैवीय आपदा में मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने की मांग की। इस पर सृष्टि ने मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र श्रीवास को मामले की जांच कर पात्रता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, धीरेन्द्र ने वारिसान प्रमाण पत्र बनवाने का अनुरोध किया। सृष्टि ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों के माध्यम से प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया। प्रमाण पत्र मिलने पर फरियादी ने आभार जताया। छिबरामऊ निवासी दीपक कुमार ने सफाईकर्मी से संबंधित शिकायत की। इस पर सृष्टि ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
दो अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण प्रस्ताव को मंजूरी इस दौरान उमर्दा ब्लॉक की ग्राम पंचायत बस्ता और छिबरामऊ ब्लॉक की द्वारिकापुरी में अंत्येष्टि स्थल निर्माण के प्रस्ताव को भी अनुमोदन दिया गया। प्रत्येक स्थल के निर्माण पर 24.36 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। दोनों स्थलों के लिए कुल 48.72 लाख रुपये का प्रस्ताव मंजूर किया गया। प्रशासनिक कार्यप्रणाली समझने का मिला अवसर सृष्टि ने कहा कि एक दिन की डीएम बनकर जनसमस्याएं सुनने और प्रशासनिक कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिलना उनके लिए गौरव और प्रेरणा का क्षण है। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि इस तरह की पहल छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)