कन्नौज में नवरात्र पहले दिन कलश यात्रा:फूलमती मंदिर संग पंडालों में रौनक, भक्तों ने विधि-विधान से की पूजा

Oct 11, 2026 - 16:34
0
कन्नौज में नवरात्र पहले दिन कलश यात्रा:फूलमती मंदिर संग पंडालों में रौनक, भक्तों ने विधि-विधान से की पूजा
कन्नौज में शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को शहर से लेकर गांव तक भक्तिमय माहौल रहा। सुबह घरों में विधि-विधान से कलश स्थापना के साथ मां दुर्गा की आराधना शुरू हुई। मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मां फूलमती मंदिर समेत शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में दिनभर भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली के लिए पूजा-अर्चना की। शाम होते ही देवी पंडाल रोशनी से जगमगा उठे और मां के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। शहर के एसबीएस इंटर कॉलेज खेल मैदान में संमार्ग सेवा समिति की ओर से सजाए गए देवी पंडाल में पहले दिन खास रौनक रही। कार्यक्रम की शुरुआत मकरंदनगर स्थित पकरियानाथ मंदिर से निकली कलश यात्रा के साथ हुई। ढोल-नगाड़ों की गूंज और मां के जयकारों के बीच यात्रा आगे बढ़ी। सिर पर कलश रखकर चल रहीं महिलाएं और युवतियां आस्था का संदेश देती नजर आईं। यात्रा के पंडाल पहुंचने के बाद धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए। आचार्य शिवांक अग्निहोत्री और सचिन तिवारी ने विधि-विधान से मां दुर्गा का पूजन कराया। श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। दिन ढलने के साथ पंडाल में भीड़ बढ़ती गई। देर शाम मां की शृंगार आरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान बच्चों ने देवी भक्ति गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुतियों पर लोगों ने उत्साह बढ़ाया। धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच देर शाम तक पंडाल में चहल-पहल बनी रही। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User