कोटहिन भवानी मंदिर में 2100 दीपों से जगमगाया परिसर:सरयू आरती टीम ने उतारी महाआरती; पूर्व विधायक का स्वागत
अयोध्या के मिल्कीपुर क्षेत्र अंतर्गत कोटडीह स्थित मां कोटहिन भवानी मंदिर परिसर में सोमवार शाम शारदीय नवरात्र के अवसर पर भव्य दीपोत्सव एवं महाआरती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में 2100 दीप जलाए गए, जिससे पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा। मां भगवती के जयकारों और सामूहिक महाआरती से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण अयोध्या से पहुंची सरयू आरती टीम द्वारा प्रस्तुत मां भगवती की विशेष आरती रही। दीपों की रोशनी और शंख-घंटों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने आस्था का अद्भुत नजारा देखा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मिल्कीपुर के पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा और भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी का जेसीबी से पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। आयोजन समिति ने अतिथियों को साफा बांधकर और रामलला का स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। पुष्पवर्षा, दीपोत्सव और श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा ने दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने मां दुर्गा से सभी आयोजकों और श्रद्धालुओं के सुखमय जीवन की कामना की। साथ ही भव्य आयोजन के लिए दुर्गा पूजा समिति और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुरेश ओझा की सराहना की। भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा कि मां भगवती अपने सभी भक्तों का कल्याण करती हैं। उन्होंने कहा कि मिल्कीपुर की धरती उनके लिए सेवा धाम है और यहां की मिट्टी के कण-कण से उन्हें प्रेम है। उन्होंने दुर्गा पूजा की बेहतर व्यवस्था के लिए आयोजकों का उत्साहवर्धन किया। यह आयोजन धार्मिक आस्था, सनातन संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक बना। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पवन सिंह, मंडल अध्यक्ष ब्रह्म प्रकाश शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी सुशील मिश्रा, प्रधान संघ अध्यक्ष पवन पांडेय, अजीत मौर्य, अजय सिंह, संतोष मिश्रा, विजय शुक्ला सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और क्षेत्रीय श्रद्धालु मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)