कृषि राज्य मंत्री ने सुनी किसानों की शिकायतें:अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और लापरवाही पर कार्रवाई का भरोसा दिया

Oct 01, 2026 - 17:42
0
कृषि राज्य मंत्री ने सुनी किसानों की शिकायतें:अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और लापरवाही पर कार्रवाई का भरोसा दिया
रामपुर के पनवड़िया स्थित सांस्कृतिक सद्भावना मंडप में चल रहे तीन दिवसीय विराट किसान मेले के तीसरे दिन गुरुवार को प्रदेश के कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख पहुंचे। उन्होंने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सरकार से अपेक्षाएं सुनीं। मेले का आयोजन कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है। इस दौरान कृषि उपनिदेशक और जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा ने उनका स्वागत किया। कृषि राज्य मंत्री ने कहा कि इस तरह के मेले से किसानों को एक ही छत के नीचे सरकार की विभिन्न योजनाओं, कृषि यंत्रों और नई तकनीकों की जानकारी मिलती है। वैज्ञानिक भी किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने मेले में करीब 12 से अधिक महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग किसानों से बातचीत की। इस दौरान कई किसानों ने अपनी समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। किसानों ने सरकारी संपत्तियों से कब्जे हटाने, शिकायती प्रार्थना पत्रों पर कार्रवाई नहीं होने और अधिकारियों द्वारा उनकी समस्याएं नहीं सुने जाने की शिकायत की। कुछ किसानों ने बाढ़ और बारिश से हुए नुकसान का आकलन समय से नहीं होने की बात भी रखी। किसानों की शिकायतें सुनने के दौरान मंत्री ने कई मामलों में अधिकारियों से जानकारी ली। बाद में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि जो लोग सरकारी जिम्मेदारी के तहत अपनी ड्यूटी ठीक से नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान के आकलन में भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। औलख ने कहा कि जहां-जहां लेखपाल समय से नुकसान का आकलन नहीं कर रहे हैं, वहां इसकी निगरानी की जा रही है। लापरवाही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से सरकार की योजनाओं और नई कृषि तकनीकों का लाभ लेने की अपील की। मेले में किशन राम सिंह ने कहा कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों को लेकर मैंने कई बार शिकायत की,सुनवाई नहीं हुई तो वही तौफ़ीक़ खान ने कहा कि हमने कई बार नहर की जमीन ,ग्राम समाज की जमीन को लेकर शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User