करंट से छात्र-कथावाचक की मौत, 4 बिजलीकर्मियों पर केस:अंतिम संस्कार के दौरान मची चीख-पुकार, पोल लगाने में मदद करते समय गई थी जान

Oct 08, 2026 - 09:57
0
करंट से छात्र-कथावाचक की मौत, 4 बिजलीकर्मियों पर केस:अंतिम संस्कार के दौरान मची चीख-पुकार, पोल लगाने में मदद करते समय गई थी जान
श्रावस्ती के गिलौला थाना क्षेत्र के मोहम्मदापुर गांव में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो ग्रामीणों की मौत के मामले में पुलिस ने जेई समेत बिजली विभाग के चार कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। हादसे के बाद बुधवार को दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई के दौरान गांव में चीख-पुकार मची रही। हादसा मंगलवार को उस समय हुआ, जब करीब दो सप्ताह से बारिश और तूफान के कारण बाधित बिजली व्यवस्था को बहाल करने के लिए गांव में पोल लगाने का काम चल रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, सचिन मिश्रा (22) और वेद प्रकाश पाठक (44) पोल खड़ा करने में मदद कर रहे थे। इसी दौरान पोल टेढ़ा होकर पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया। जलभराव के कारण पोल में करंट उतर गया और दोनों उसकी चपेट में आ गए। शटडाउन के बीच लाइन से छू गया पोल ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक 11 हजार वोल्ट की लाइन का शटडाउन लिया गया था। पोल खड़ा करते समय वह अचानक टेढ़ा होकर हाईटेंशन लाइन से जा टकराया। आसपास जलभराव होने के कारण पोल में करंट उतर गया और सचिन व वेद प्रकाश उसकी चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन दिन पहले घर आया था सचिन 22 वर्षीय सचिन मिश्रा दो भाइयों में छोटा था और लखनऊ में पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रहा था। वह तीन दिन पहले ही घर आया था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। परिवार में पिता खेती करते हैं, जबकि मां शिक्षामित्र हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कथावाचक वेद प्रकाश के परिवार पर संकट 44 वर्षीय वेद प्रकाश पाठक दो भाइयों में सबसे बड़े थे और कथावाचक का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और नौ साल की बेटी है। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक परेशानी के साथ बच्चों के भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है। बुधवार को दोनों का अंतिम संस्कार किया गया तो गांव में मातम छा गया। पैसे मांगने का आरोप, चार पर FIR मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हादसे से दो दिन पहले लाइनमैन गौरीशंकर ने पोल जल्द उपलब्ध कराने के लिए पैसों की मांग की थी। ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने चंदा जुटाकर करीब तीन हजार रुपए दिए थे। घटना से एक दिन पहले पोल गांव पहुंचा था और लाइनमैन ने शटडाउन लेने की बात कही थी। इसके बाद पोल खड़ा करते समय हादसा हो गया। परिजनों की तहरीर पर जेई, लाइनमैन गौरीशंकर, एसएसओ समेत बिजली विभाग के चार कर्मचारियों के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User