कस्तूरबा विद्यालय में छात्राओं से मारपीट, मुर्गा बनाने का आरोप:हाथरस में बीएसए ने मुख्य रसोइया को हटाया, दो सदस्यीय जांच कमेटी बनाई

Oct 02, 2026 - 09:36
0
कस्तूरबा विद्यालय में छात्राओं से मारपीट, मुर्गा बनाने का आरोप:हाथरस में बीएसए ने मुख्य रसोइया को हटाया, दो सदस्यीय जांच कमेटी बनाई
हाथरस के हसायन स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में छात्राओं से मारपीट और उन्हें सजा के तौर पर मुर्गा बनाए जाने का मामला सामने आया है। मुख्य रसोइया कुसुम पर छात्राओं को डंडों से पीटने और सजा देने के आरोप लगे हैं। लगातार शिकायतें मिलने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) रणवीर सिंह ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। बीएसए के निरीक्षण के दौरान मुख्य रसोइया कुसुम विद्यालय में मौजूद नहीं थीं। एक अन्य शिक्षिका भी ड्यूटी पर नहीं मिलीं। बीएसए ने छात्राओं से अलग-अलग बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। छात्राओं ने अपने बयानों में उनके साथ मारपीट किए जाने और सजा के तौर पर मुर्गा बनाए जाने की बात बताई। वार्डन ने भी रसोइया के व्यवहार की शिकायत की निरीक्षण के दौरान विद्यालय की वार्डन ने भी मुख्य रसोइया के मनमाने व्यवहार और अभद्रता की शिकायत की। छात्राओं और वार्डन से मिली जानकारी के बाद बीएसए ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। आरोपों की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी बनी बीएसए रणवीर सिंह ने बताया कि मुख्य रसोइया के खिलाफ पहले भी शिकायतें मिल रही थीं। छात्राओं और वार्डन के बयानों के आधार पर रसोइया कुसुम को तत्काल विद्यालय से हटा दिया गया है और उनसे पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। आरोपों की विस्तृत जांच के लिए बीईओ सिकंदराराऊ और डीसी (बालिका) की दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User