कूड़ा फेंकने पर सफाईकर्मियों ने युवकों को पीटा:रामलीला मैदान में हुआ विवाद, पुलिसकर्मी तमाश बीन होकर खड़े रहे

Oct 20, 2026 - 10:19
0
कूड़ा फेंकने पर सफाईकर्मियों ने युवकों को पीटा:रामलीला मैदान में हुआ विवाद, पुलिसकर्मी तमाश बीन होकर खड़े रहे
फिरोजाबाद में रामलीला मैदान में कूड़ा फेंकने को लेकर युवकों और नगर निगम के सफाईकर्मियों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि मौके पर जुटे सफाईकर्मियों ने झाड़ू के डंडों से युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर मंगलवार को सामने आया है। मारपीट के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के तीन युवक रामलीला मैदान में घूम रहे थे। इसी दौरान युवकों द्वारा खाने-पीने की चीजों का कूड़ा मैदान में फेंकने पर वहां सफाई कर रहे नगर निगम के कर्मचारी ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। विवाद बढ़ने पर मैदान में ड्यूटी कर रहे अन्य सफाईकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने युवकों को घेर लिया और मैदान में पड़े झाड़ू के डंडों से उनकी पिटाई शुरू कर दी। युवक बचने के लिए इधर-उधर भागते रहे, लेकिन सफाईकर्मी उन्हें दौड़ाकर पीटते रहे। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे। एक पुलिसकर्मी ने सफाईकर्मियों को रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन मारपीट जारी रही। इसी बीच किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। सूचना मिलने पर उत्तर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक वहां से जा चुके थे। पुलिस ने सफाईकर्मियों को भी चेतावनी दी। इंस्पेक्टर उत्तर रवि त्यागी ने बताया कि बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के कुछ युवक रामलीला मैदान में बैठे थे। वे खाने-पीने की चीजें मैदान में फेंक रहे थे। सफाई कर रहे कर्मचारी ने उन्हें वहां से हटने के लिए कहा, जिस पर विवाद हो गया। उन्होंने बताया कि अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User