लापता 5 साल की बच्ची का शव गन्ने के खेत:चचेरे भाई ने पपीता खिलाने के बहाने ले जाकर की हत्या, आरोपी हिरासत में
लखीमपुर खीरी के खमरिया थाना क्षेत्र में पांच साल की बच्ची का शव रविवार सुबह घर से करीब 500 मीटर दूर गन्ने के खेत में मिला। बच्ची शनिवार सुबह घर के बाहर से लापता हो गई थी। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे, तभी शव मिलने की सूचना से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में बच्ची के 15 साल के चचेरे भाई को हिरासत में लिया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में किशोर ने हत्या की बात स्वीकार की है। हालांकि, वारदात की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। परिजनों के मुताबिक, बच्ची को उसका चचेरा भाई पपीता खिलाने के बहाने साइकिल से ले गया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं। बच्ची शनिवार सुबह करीब 8 बजे घर के बाहर से लापता हो गई थी। काफी देर तक उसके वापस नहीं आने पर परिजनों ने गांव और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिवार ने खमरिया पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बच्ची की तलाश के साथ परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पपीता खिलाने के बहाने साइकिल से ले जाने की बात मृतका की बहन के मुताबिक, चचेरा भाई बच्ची को पपीता खिलाने के लिए साइकिल से घर से करीब 500 मीटर दूर ले गया था। जब काफी देर तक बच्ची नहीं लौटी तो परिवार ने उसकी खोजबीन शुरू की। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूछने पर आरोपी ने बताया था कि वह बच्ची को घर के पास छोड़ आया है। इसके बाद भी उसका पता नहीं चला।
किशोर की निशानदेही पर खेत में मिला शव पुलिस ने संदेह के आधार पर चचेरे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह उसकी निशानदेही पर गन्ने के खेत से बच्ची का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर जुट गए। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हत्या की वजह अभी सामने नहीं आई है और मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी। हिरासत में लिया गया किशोर नाबालिग है, इसलिए उसके खिलाफ किशोर न्याय से जुड़े कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)