लापता किशोरी 30 किमी दूर गंभीर मिली:दुष्कर्म की आशंका, लखनऊ ट्रामा सेंटर में इलाज जारी, CCTV खंगाल रही पुलिस
सीतापुर के रामपुर मथुरा थाना इलाके में घर से लापता हुई नाबालिग किशोरी करीब 30 किलोमीटर दूर तटबंध पर गुरुवार सुबह करीब 11 बजे गंभीर हालत में मिली। किशोरी को लखनऊ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। परिजनों ने उसके साथ गंभीर अपराध होने की आशंका जताई है। किशोरी की हालत और कपड़ों की स्थिति को देखते हुए दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि मेडिकल जांच और पुलिस की पड़ताल पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। मामले में रामपुर मथुरा और सदरपुर थाने की पुलिस जांच में जुटी है। परिजनों के मुताबिक, 14 अक्टूबर शाम करीब चार बजे किशोरी के माता-पिता धान काटने के लिए खेत जा रहे थे। किशोरी ने भी उनके साथ खेत जाने की इच्छा जताई, लेकिन माता-पिता ने उसे घर वापस भेज दिया और कुछ रुपये भी दिए। इसके बाद किशोरी घर से लापता हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
आज सुबह रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र की पुलिस ने ग्राम प्रधान के माध्यम से परिजनों को सूचना दी कि एक किशोरी तटबंध पर गंभीर हालत में मिली है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने किशोरी के कपड़े खून से सने और अस्त-व्यस्त होने की बात कही। इसके बाद उसके साथ किसी गंभीर अपराध की आशंका जताई गई। बताया जा रहा है कि किशोरी की मानसिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं थी और उसका इलाज भी चल रहा था। फिलहाल उसकी हालत को देखते हुए उसे लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस किशोरी के घर से निकलने से लेकर तटबंध पर मिलने तक की घटनाओं की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस किशोरी सदरपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है, जबकि वह रामपुर मथुरा क्षेत्र में मिली। ऐसे में दोनों थानों की पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस आसपास के रास्तों और अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि किशोरी की आवाजाही और घटना से जुड़े साक्ष्यों का पता लगाया जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)