LDA के रजिस्ट्री कैंप का आज अंतिम दिन:दो दिन में 200 संपत्तियों की रजिस्ट्री, एक ही जगह पूरी हो रही प्रक्रिया
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में संपत्तियों की रजिस्ट्री के लिए लगाए गए विशेष शिविर में दो दिन में 200 आवंटियों ने रजिस्ट्री कराई। पहले दिन 13 अक्टूबर को 107 और दूसरे दिन 14 अक्टूबर को 93 आवंटियों की संपत्तियों का निबंधन हुआ। यह शिविर आवंटियों की सुविधा के लिए लगाया गया है, ताकि उन्हें रजिस्ट्री कराने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। आज, 15 अक्टूबर को शिविर का आखिरी दिन है। एक ही पटल पर फाइल तैयार करने से रजिस्ट्री तक की सुविधा एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार की पहल पर प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में 13 से 15 अक्टूबर तक विशेष निबंधन शिविर लगाया गया है। यहां एलडीए के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ निबंधन विभाग की टीम भी मौजूद है। शिविर में आवंटियों की फाइल तैयार करने से लेकर रजिस्ट्री कराने तक की प्रक्रिया एक ही स्थान पर पूरी की जा रही है। इससे आवंटियों को भागदौड़ से राहत मिल रही है। रजिस्ट्री कराने वाले लोगों ने इस व्यवस्था की सराहना की है। कई आवासीय योजनाओं के आवंटियों को मिला लाभ शिविर में विभिन्न अपार्टमेंट के फ्लैटों के साथ कानपुर रोड योजना, जानकीपुरम विस्तार, बसंतकुंज, शारदानगर, गोमतीनगर और प्रधानमंत्री आवास योजना समेत अन्य योजनाओं की संपत्तियों की रजिस्ट्री की गई। विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई), आश्रयहीन और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के भवनों के आवंटियों ने शिविर में रुचि दिखाई। रजिस्ट्री के लिए नए आवेदन भी आए एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा के मुताबिक, प्राधिकरण की ओर से समय-समय पर विभिन्न आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों का आवंटन किया गया है। इनमें कई ऐसे आवंटी हैं, जिन्होंने अब तक अपने पक्ष में संपत्ति की रजिस्ट्री नहीं कराई है। ऐसे लोगों की सुविधा के लिए विशेष शिविर लगाया गया है। उप सचिव माधवेश कुमार के मुताबिक, शिविर में रजिस्ट्री के लिए कई नए आवेदन भी प्राप्त हुए हैं। इनकी फाइलें तैयार कराई जा रही हैं। वहीं, जिन आवंटियों ने अब तक रजिस्ट्री के लिए आवेदन नहीं किया है, उन्हें नोटिस भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)