लेखपाल ने खुद ही कर ली अपने खिलाफ बैठी जांच:सरकारी जमीन पर कब्जा कराने के आरोप में मुरादाबाद कमिश्नर ने दिए थे जांच के आदेश
मुरादाबाद में सदर तहसील के एक लेखपाल पर ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा कराने के आरोप लगे थे। ग्रामीणों की ओर से शिकायत मिलने के बाद कमिश्नर संगीता सिंह ने मामले की जांच के आदेश दिए थे। लेकिन चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है कि आरोपी लेखपाल ने खुद ही अपने खिलाफ बैठी जांच में आख्या लगाकार खुद को क्लीन चिट दे दी है। मामला मुरादाबाद की सदर तहसील के गांव रसूलपुर नगला खेम का है। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि हलके के लेखपाल जितेंद्र सिंह ने ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा करा दिया है। आरोप इस जमीन पर बिल्डिंग बनवा देने का भी था। करीब 15 दिन पहले मामले की शिकायत कमिश्नर संगीता सिंह के पास पहुंची थी। जिस पर उन्होंने डीएम मुरादाबाद को मामले की जांच कराकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
आरोपी लेखपाल ने खुद दे दी अपने को क्लीन चिट हैरानी की बात है कि कमिश्नर से शिकायत के बाद भी यह शिकायती पत्र घूमता हुआ उसी लेखपाल के हाथों में जा पहुंचा जिसके खिलाफ ग्रामीण शिकायत करके आए थे। कमिश्नर से डीएम, डीएम से एसडीएम सदर और एसडीएम से लेखपाल के पास मार्क होकर पहुंचा ये लेटर जांच के लिए फाइनली आरोपी लेखपाल जितेंद्र सिंह के पास ही पहुंच गया। 23 सितंबर को लेखपाल जितेंद्र सिंह ने अपनी जांच आख्या में लिखा- ग्राम समाज की जमीन से कब्जा हटवा दिया गया है। इसके साथ ही यह शिकायत बंद कर दी गई। हालांकि, आरोप यह भी है कि जांच रिपोर्ट में जिस जगह की तस्वीरें लेखपाल की ओर से लगाई गई हैं वह स्थान शिकायत वाली जगह से इतर है। हालांकि ये तभी साबित हो पाएगा जब मामले की गंभीरता से और उचित स्तर से जांच हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)