लखीमपुर के नाथूपुर में युवक की संदिग्ध मौत:पुलिस पशु का हमला बता रही, बहन ने हत्या की जताई आशंका; दोनों पहलुओं से जांच शुरू

Oct 09, 2026 - 13:36
0
लखीमपुर के नाथूपुर में युवक की संदिग्ध मौत:पुलिस पशु का हमला बता रही, बहन ने हत्या की जताई आशंका; दोनों पहलुओं से जांच शुरू
लखीमपुर में गुरुवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना को लेकर दो अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। पुलिस इसे बेसहारा पशु के हमले से हुई मौत बता रही है, जबकि मृतक की बहन ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। घटना गोला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नाथूपुर गदियाना में हुई। देखिए 2 तस्वीरें- घर के पास मिला मिला युवक का शव जानकारी के अनुसार मृतक अरविंद कुमार पुत्र श्रीराम उम्र करीब 38 वर्ष निवासी ग्राम नाथूपुर गदियाना ग्राम पंचायत बसलीपुर का शव गुरुवार रात घर के पास मिला। घटना की सूचना मिलते ही गोला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। इस मामले में सीओ गोला जितेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई थी कि देर रात बाथरूम जाते समय एक युवक पर बेसहारा पशु ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गोला पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बहन बोली- धारदार हथियार से हुई हत्या वहीं दूसरी तरफ मृतक की बहन रामदेवी पत्नी रामऔतार निवासी ग्राम पल्हनापुर ने कोतवाली गोला में तहरीर देकर हत्या की आशंका व्यक्त की है। तहरीर में बताया कि उसका मायका ग्राम नाथूपुर गदियाना में है। उसके भाई की 8 अक्टूबर की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बहन का आरोप है कि उसके भाई की धारदार हथियार से हत्या की गई है और इसे हादसे का रूप देने की कोशिश की जा रही है। बहन ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। गांव में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे पशु के हमले से हुई मौत बता रहे हैं तो कुछ लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। सीओ गोला जितेंद्र सिंह परिहार का कहना है कि- पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User