लखनऊ के अपोलो मेडिक्स की फार्मेसी सील:12 प्राइवेट अस्पतालों में छापेमारी, 38 दवाओं के सैंपल लिए; मेदांता में नहीं मिलीं सस्ती दवाएं
लखनऊ के अपोलो मेडिक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की ओपीडी फार्मेसी में रिकॉर्ड नहीं मिलने पर उसे बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, मेदांता अस्पताल में महंगी दवाओं के सस्ते विकल्प उपलब्ध नहीं मिले। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने 30 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच 12 प्राइवेट अस्पतालों की फार्मेसी में छापेमारी की। 26 ड्रग इंस्पेक्टरों की टीमों ने दवाओं की खरीद और मरीजों को बिक्री की कीमत की जांच की। इस दौरान 38 दवाओं के सैंपल लिए गए। जीवन रक्षक दवाओं के लिए सैंपल FSDA के सहायक आयुक्त ब्रजेश कुमार ने बताया कि टीमों ने फार्मासिस्ट की मौजूदगी, दवाओं का स्टॉक, बिलिंग रिकॉर्ड, मेडिकल ऑक्सीजन के अभिलेख, कोल्ड चेन और भंडारण व्यवस्था की जांच की। कुछ अधिक इस्तेमाल और जीवनरक्षक दवाएं अस्पतालों को प्रिंटेड एमआरपी से काफी कम कीमत पर मिल रही थीं। इसके बावजूद मरीजों को इन्हें एमआरपी या मामूली छूट पर बेचा जा रहा था। ऐसी दवाओं को चिह्नित कर सैंपल लिए गए।टीमों ने एमआरपी और थोक आपूर्तिकर्ता के पीटीआर के बीच अंतर की भी जांच की। विभाग अब दवा की खरीद से लेकर मरीज को बिक्री तक की पूरी प्रक्रिया की पड़ताल करेगा। अपोलो मेडिक्स में ये रिकॉर्ड नहीं मिले अपोलो मेडिक्स की ओपीडी फार्मेसी में स्टॉक लेजर, आईपीडी फाइल और शेड्यूल एच1 दवाओं का अनिवार्य रजिस्टर प्रस्तुत नहीं किया गया। रिकॉर्ड में बैच नंबर भी नहीं मिले। इन कमियों पर ओपीडी फार्मेसी बंद करने के निर्देश दिए गए। ग्लोब में रिकॉर्ड नहीं मिले, एक जगह सील ग्लोब हॉस्पिटल में दवाओं की खरीद-बिक्री के अभिलेख नहीं मिले। दवाएं दो स्थानों पर रखी मिलीं। इनमें से एक स्थान को सील कर दिया गया। रीजेंसी अस्पताल में भौतिक स्टॉक और रिकॉर्ड में अंतर मिला। दवाओं के बैच नंबर में भी विसंगति पाई गई। इन अस्पतालों में भी मिलीं कमियां डॉ. केएनएस मेमोरियल, शेखर हॉस्पिटल, तलवार स्किन इंस्टीट्यूट, मिड्लैन्ड और अवध हॉस्पिटल समेत अन्य जगहों पर स्टॉक और अभिलेखों में अंतर मिला। कुछ जगह फार्मासिस्ट मौजूद नहीं थे। बिलिंग और दवाओं के भंडारण से जुड़ी कमियां भी मिलीं। मेदांता और चरक अस्पताल में महंगी दवाओं के विकल्प की उपलब्धता भी जांची गई। विभाग अब अस्पतालों को नोटिस देने के साथ दवा आपूर्ति करने वाले थोक विक्रेताओं और स्टॉकिस्ट की भी जांच करेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)