लखनऊ के जुबिली कॉलेज के प्रधानाचार्य का ऐलान:यूपी बोर्ड टॉप-10 में आने वाली छात्रा को देंगे ₹1 लाख
लखनऊ राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुमित कुमार श्रीवास्तव ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बड़ा घोषणा किया है। यूपी बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की टॉप-10 में जगह बनाने वाली पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज, वाराणसी की छात्रा को वे अपनी वेतन राशि से एक लाख रुपये देंगे। उन्होंने नवरात्रि के पहले दिन यह घोषणा की। सुमित कुमार श्रीवास्तव पहले क्वींस कॉलेज, वाराणसी के प्रधानाचार्य थे। 8 मार्च 2025 को महिला दिवस पर उन्होंने 234 साल बाद कॉलेज में बालिकाओं के प्रवेश की पहल की थी। इसी दौरान मेधावी छात्रा को उच्च शिक्षा के लिए एक लाख रुपये देने का वादा किया था। उनकी पहल से वाराणसी समेत दूसरे जिलों की छात्राओं ने भी कॉलेज में प्रवेश लिया। बाद में उनका तबादला लखनऊ के राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में हो गया। इससे छात्राओं के मन में पुरस्कार को लेकर सवाल उठने लगे थे। अब उन्होंने साफ कर दिया है कि तबादले से उनका वादा नहीं बदलेगा। बोले- बालिकाओं के प्रति मेरा दायित्व कायम सुमित कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि उनके आह्वान पर बालिकाओं ने क्वींस कॉलेज में प्रवेश लिया था। अब वे अपनी मेहनत और प्रतिभा से कॉलेज का गौरव बढ़ा रही हैं। इस वर्ष छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगी। प्रदेश की टॉप-10 में जगह बनाने वाली क्वींस कॉलेज की छात्रा को उच्च शिक्षा के लिए एक लाख रुपये दिए जाएंगे। पहले छात्र को भी दे चुके हैं एक लाख उन्होंने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा का अवसर देना ही पर्याप्त नहीं है। उनकी प्रतिभा पर भरोसा करना और उपलब्धियों का सम्मान करना भी जरूरी है। सुमित कुमार श्रीवास्तव क्वींस कॉलेज में अपने कार्यकाल के दौरान हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की टॉप-10 में जगह बनाने वाले छात्र सूर्यदीप प्रजापति को भी निजी वेतन से एक लाख रुपये दे चुके हैं। सुमित कुमार श्रीवास्तव राजकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए कई पहल कर चुके हैं। इनमें बालिकाओं की निःशुल्क शिक्षा को प्रोत्साहन, मेधावी विद्यार्थियों के लिए आईआईटी-जेईई और नीट की निःशुल्क कोचिंग, रोबोटिक्स लैब और महिला शिक्षिकाओं के लिए क्रेच जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)